अमृतसर में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। आम आदमी पार्टी के नेता और सरपंच झरमल सिंह की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। वे तरनतारन जिले के वलटोहा गांव के रहने वाले थे। शादी समारोह के बीच हुई इस हत्या न सिर्फ राजनीतिक हलकों में बल्कि कानून-व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
मैरिज पैलेस में मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, झरमल सिंह रविवार को अमृतसर के एक मैरिज पैलेस में शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। जैसे ही वह मेरी गोल्ड पैलेस के भीतर दाखिल हुए, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस गोलाबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल वल्टोहा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रंगदारी और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ी हत्या की जड़ें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या की जड़ें रंगदारी और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ी हैं। बताया जा रहा है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर प्रभदीप सिंह उर्फ प्रभ दासूवाल पिछले करीब छह महीनों से जर्मल सिंह वल्टोहा से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था। रंगदारी न देने पर उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। इससे पहले भी दो बार उन पर जानलेवा हमले हो चुके थे। एक हमले में उनकी आढ़त में काम करने वाला मुनीम गोली लगने से घायल हो गया था, जबकि दूसरे हमले में झरमल किसी तरह बाल-बाल बच गए थे।
आढ़त का था कारोबार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, झरमल सिंह का कारोबार आढ़त से जुड़ा हुआ था और क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती थी। राजनीतिक तौर पर भी उनका सफर लंबा रहा। शिअद-भाजपा गठबंधन सरकार के दौरान वे गांव संधुआ से दो बार सरपंच चुने गए थे। बाद में 2022 में उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया और तरन तारन जिले के खेमकरण विधानसभा क्षेत्र से आप विधायक सरवण सिंह धुन्न के करीबी माने जाते थे। सूत्रों के अनुसार, लगातार मिल रही धमकियों के चलते वल्टोहा ने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की थी, लेकिन इसके बावजूद हमलावरों ने खुलेआम इस हत्या को अंजाम दे दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
इस हत्याकांड पर खेमकरण से आप विधायक सरवण सिंह धुन्न ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था की गंभीर चूक बताते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर से फोन पर बात की और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिया और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
