क्राइम

मकान का बंटवारा, जादूटोना और एक खूनी साजिश; सोनभद्र में 12 साल के मासूम की हत्या से सनसनी

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 12 वर्षीय बच्चे की कथित तौर पर उसके ही पड़ोस में रहने वाले युवक ने हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब बच्चा अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था और आरोपी उसे अंधेरे में ले जाकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

Image

सोनभद्र में 12 साल के लड़के की गला रेतकर हत्या

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 12 वर्षीय बालक की उसके ही पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी। इस मामले की जानकारी पुलिस अधिकारी ने रविवार को दी और बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के अनुसार, शिकायतकर्ता शिवमूरत ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात लगभग सवा आठ से साढ़े आठ बजे के बीच रामगढ़ बाजार में कुछ बच्चे खेल रहे थे। उन्हीं बच्चों के साथ उनका 12 वर्षीय नाती आर्यन गुप्ता भी मौजूद था, तभी यह वारदात हुई।

धारदार हथियार से रेता गला

शिकायतकर्ता के अनुसार, जब खेल खत्म होने के बाद सभी बच्चे अपने-अपने घर लौटने लगे, तभी पहले से घात लगाए बैठे 20 वर्षीय दिवाकर गुप्ता ने आर्यन को पकड़ लिया। वह उसे अंधेरे की ओर ले गया और वहां किसी धारदार हथियार से उसका गला काटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। इसके बाद रविवार दोपहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम राकी स्थित पकरहट नहर पुलिया के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी ने क्यों दिया वारदात को अंजाम?

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी युवक ने बताया कि उसके परिवार और आर्यन के परिवार के बीच मकान के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। उसने यह भी आरोप लगाया कि आर्यन की मां जादूटोना करती थी, जिससे उसके परिवार में तनाव बना रहता था। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि करीब 15 वर्ष पहले उसके भाई की जलकर मौत हो गई थी और उसे इस घटना में भी वादी पक्ष की संलिप्तता का संदेह था। इन सभी कारणों से वह मानसिक रूप से आक्रोशित था और इसी के चलते उसने बच्चे की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article