जानिए कौन है रितिक शौकीन? मुंबई इंडियंस के लिए मैदान पर उतरा युवा भारतीय खिलाड़ी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 21, 2022, 07:36 PM IST

Who is Hrithik Shokeen, CSK vs MI, IPL 2022: गुरुवार को आईपीएल 2022 के मुकाबले में जब मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स की टीमें आमने-सामने आईं, तब मुंबई ने अपने एक युवा खिलाड़ी रितिक शौकीन को पहली बार आईपीएल में खेलने का मौका दिया।

जानिए कौन है रितिक शौकीन? मुंबई इंडियंस के लिए मैदान पर उतरा युवा भारतीय खिलाड़ी
Photo Credit: Twitter

युवा खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़े क्रिकेट मंंच आईपीएल में नए खिलाड़ियों के आने का सिलसिला जारी है। इस फेहरिस्त में ताजा नाम मुंबई इंडियंस की तरफ से सामने आया है। गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच से पहले मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में तीन बदलाव किए। इन्हीं में एक खिलाड़ी हैं रितिक शौकीन (Hrithik Shokeen) जिनको लेकर फैंस में काफी उत्सुकता और सोशल मीडिया पर काफी चर्चा है। आइए आईपीएल डेब्यू कर रहे इस खिलाड़ी के बारे में जानते हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस मौजूदा आईपीएल सीजन की सबसे कमजोर टीमें साबित होती नजर आई हैं। एक तरफ जहां चेन्नई ने अब तक खेले 6 मैचों में से सिर्फ एक मैच जीता है। वहीं, दूसरी तरफ है मुंबई इंडियंस जिसने अपने 6 मैचों में अब तक एक भी जीत दर्ज नहीं की है। इसीलिए जब ये दोनों टीमें गुरुवार को आमने-सामने उतरीं तो दोनों के टीम प्रबंधन ने प्रयोग करने का फैसला किया। मुंबई ने राइली मेरेडिथ, डेनियल सैम्स और रितिक शौकीन को मौका दिया, जबकि चेन्नई ने मिचेल सैंटनर और ड्वेन प्रिटोरियस को मैदान पर उतारा।

कौन हैं रितिक शौकीन?

मुंबई इंडियंस ने जिस युवा खिलाड़ी को आईपीएल डेब्यू करने का मौका दिया है, वो हैं 21 वर्षीय रितिक शौकीन। रितिक का जन्म 14 अगस्त 2000 में दिल्ली में हुआ था। वो एक दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर हैं। भारत के लिए अंडर-19 क्रिकेट में खेलते हुए अपनी पहचान बनाने वाले रितिक शौकीन अब आईपीएल के जरिए दुनिया पर छाप छोड़ने की तैयारी में हैं।

रितिक को नवंबर 2019 में एसीसी इमर्जिंग टीम्स एशिया कप में अंडर-23 भारतीय टीम में जगह दी गई थी। उस टूर्नामेंट में उन्होंने नेपाल के खिलाफ खेलते हुए अपने लिस्ट-ए क्रिकेट करियर का आगाज किया था। उनको आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी में मुंबई इंडियंस ने 20 लाख रुपये (बेस प्राइस) में खरीदा था।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!