धोनी के CSK की कप्तानी छोड़ने पर क्या कुछ बोले वीरेंद्र सहवाग, इस ट्वीट में कही दिल की बात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 25, 2022, 05:00 AM IST

Virender Sehwag's tweet on MS Dhoni's leaving captaincy of Chennai Super Kings (CSK): आईपीएल 2022 शुरू होने से ठीक पहले एम एस धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ी, तो इस पर वीरेंद्र सहवाग ने भी प्रतिक्रिया दी।

धोनी के CSK की कप्तानी छोड़ने पर क्या कुछ बोले वीरेंद्र सहवाग, इस ट्वीट में कही दिल की बात
Photo Credit: Twitter

एक समय ऐसा था जब पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग में तकरार की खबरें चर्चा में थीं। जब सहवाग ने अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था तब बहुत से लोगों ने दबी जुबान से धोनी को इसका जिम्मेदार बताया। हालांकि वीरू ने कभी भी इस बारे में कोई तीखी प्रतिक्रिया नहीं दी और समय-समय पर वो धोनी की तारीफ करते ही नजर आए। अब गुरुवार को जब धोनी ने आईपीएल 2022 से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ी, तो इस पर सहवाग की प्रतिक्रिया भी देखने लायक थी।

आईपीएल 2022 शुरू होने से दो दिन पहले एमएस धोनी ने बुधवार को अचानक चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी छोड़ने का फैसला सुना दिया। उनकी जगह भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को पहले ही अलविदा कह चुके धोनी अब किसी भी टीम के कप्तान नहीं हैं। चेन्नई की कप्तानी छोड़ने के साथ इस महान खिलाड़ी का कप्तानी करियर भी समाप्त हो गया। अब वो सिर्फ विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में मैदान पर मौजूद रहेंगे।

धोनी के कप्तानी छोड़ने पर तमाम दिग्गजों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं और उनको इस शानदार सफर के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं। पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने भी धोनी के साथ आईपीएल की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "इंडियन प्रीमियर लीग जैसे ब्रांड की शानदार कहानियों में से एक। थाला धोनी और चेन्नई के बीच जैसा कनेक्शन कम ही देखने को मिलेगा। ऐसा कप्तान मिलना चेन्नई के लिए सौभाग्य की बात थी। और जो समर्थन व प्यार उनको टीम के मालिकों के साथ-साथ इस शहर से मिला, वो अविश्वसनीय था।"

आईपीएल 2022 में ऐसा पहली बार होगा कि धोनी किसी अन्य खिलाड़ी की अगुवाई में मैदान पर उतरेंगे। वहीं दूसरी तरफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) में भी ऐसी ही कहानी चल रही है, जहां पिछले सीजन के बाद विराट कोहली ने कप्तानी छोड़ दी थी और अब वो भी नए कप्तान फाफ डुप्लेसिस की अगुवाई में खेलते नजर आएंगे।

चेन्नई सुपर किंग्स ने इस बार धोनी को रिटेन तो किया लेकिन उनकी रकम घटा दी गई। उनको इस बार 12 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया। वहीं टीम के सबसे महंगे खिलाड़ी नए कप्तान रवींद्र जडेजा साबित हुए जिनको फ्रेंचाइजी ने 16 करोड़ रुपये में रिटेन किया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!