Virat Kohli Record: आज विराट कोहली बहुत बड़े रिकॉर्ड के करीब, क्या धोनी के सामने रचेंगे इतिहास

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 24, 2021, 05:30 AM IST

Virat Kohli near record for 10K T20 runs, IPL 2021 RCB vs CSK: कप्तान विराट कोहली आज (शुक्रवार) जब आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उतरेंगे तो वो टी20 क्रिकेट में एक बड़े रिकॉर्ड के करीब होंगे।

Virat Kohli Record: आज विराट कोहली बहुत बड़े रिकॉर्ड के करीब, क्या धोनी के सामने रचेंगे इतिहास
Photo Credit: Twitter

IPL 2021 RCB vs CSK: आज जब आईपीएल 2021 में शारजाह के मैदान पर सीजन का 35वां मुकाबला खेला जाएगा, तो आमने-सामने होंगे भारतीय क्रिकेट इतिहास के दो सबसे सफल कप्तान- विराट कोहली (Virat Kohli) और महेंद्र सिंह धोनी। इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली पर सभी की नजरें टिकी होंगी जिन्होंने पिछले साल आईपीएल में चेन्नई के खिलाफ धमाकेदार पारी खेलकर सबका दिल जीता था। अब एक बार फिर उनके सामने धोनी की टीम है और सबसे खास चीज जिसका फैंस को इंतजार होगा, वो हैं विराट कोहली का एक रिकॉर्ड।

विराट कोहली कप्तान के रूप में अपना आखिरी आईपीएल सीजन खेल रहे हैं। दूसरे चरण के पहले मुकाबले में उनको हार का सामना करना पड़ा लेकिन दूसरे मुकाबले में चेन्नई के खिलाफ वो किसी भी हाल में जीत दर्ज करना चाहेंगे। अगर विराट कोहली इस मुकाबले में अच्छी पारी खेल जाते हैं तो एक ऐसा रिकॉर्ड भी है जिसको वो हासिल कर लेंगे। एक ऐसा आंकड़ा जिसे अब तक कोई भारतीय नहीं छू सका है।

इस रिकॉर्ड के करीब हैं विराट कोहली

दरअसल, विराट कोहली टी20 क्रिकेट (हर स्तर पर) में 10 हजार रन का आंकड़ा छूने के करीब हैं। उन्हें इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए अब सिर्फ 66 रनों की जरूरत है। कोहली ने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और लीग क्रिकेट मिलाकर 2007 से 2021 के बीच 312 मैचों में 9934 रन बनाए हैं। अगर आज वो 66 रन बना लेते हैं तो वो 10 हजार टी20 रनों का आंकड़ा छूने वाले पहले भारतीय और दुनिया में पांचवें खिलाड़ी बन जाएंगे।

ये तीन भारतीय हैं रेस में शामिल

1. विराट कोहली (RCB) - 9934 रन

2. रोहित शर्मा (MI) - 9348 रन

3. सुरेश रैना (CSK) - 8621 रन

Virat Kohli record

किसने-किसने 10 हजार का आंकड़ा पार किया है

टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन अब भी वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम दर्ज है जिन्होंने दुनिया भर की तमाम टीमों की तरफ से खेलते हुए अब तक 2005 से 2021 के बीच 446 टी20 मैचों में 14261 रन बनाए हैं। अगर बात करें उन बल्लेबाजों की जिन्होंने अब तक टी20 क्रिकेट में 10 हजार रन का आंकड़ा छुआ है तो इस लिस्ट में अभी ये चार खिलाड़ी शामिल हैं..

1. क्रिस गेल - 14261 रन

2. कीरोन पोलार्ड - 11174 रन

3. शोएब मलिक - 10808 रन

4. डेविड वॉर्नर - 10017

Virat Kohli India T20I

वैसे अगर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें तो यहां विराट कोहली अब भी शीर्ष पर बने हुए हैं। उन्होंने 2010 से 2021 के बीच 90 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अब तक 3159 बनाए हैं और वो 3 हजार का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं। विराट ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28 अर्धशतक जड़े हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!