रोहित शर्मा ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया, ऐसा करने वाले दुनिया के सातवें खिलाड़ी बने

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 13, 2022, 10:33 PM IST

Rohit Sharma record, 7th in list for Most runs in T20 Cricket: टी20 क्रिकेट (हर स्तर पर) में भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल मैच में उन्होंने ये आंकड़ा पूरा किया।

रोहित शर्मा ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया, ऐसा करने वाले दुनिया के सातवें खिलाड़ी बने
Photo Credit: Twitter

बुधवार रात आईपीएल 2022 के मुकाबले में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स की टीमें आमने-सामने थीं। इस मैच में मुंबई इंडियंस और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा पर सभी की नजरें टिकी थीं क्योंकि वो एक बेहद खास आंकड़े के करीब थे। मैच में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 198 रनों का स्कोर खड़ा किया। जब मुंबई इंडियंस की टीम जवाब देने उतरी तो कप्तान व ओपनर रोहित शर्मा ने आउट होने से पहले वो खास रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा लिया।

जब मुंबई इंडियंस की टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरी तब रोहित शर्मा को टी20 क्रिकेट (हर स्तर पर) में 10 हजार रन का आंकड़ा छूने के लिए 25 रनों की जरूरत थी। रोहित शर्मा ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 17 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली और इसी के साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट में 10000 रन पूरे कर लिए। वो ऐसा करने वाले दुनिया में सातवें क्रिकेटर बने जबकि दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने जिसने ये कमाल किया है।

रोहित शर्मा ने टी20 क्रिकेट में 2007 से 2022 के बीच अब तक 375 मैचों में 10003 रन बना लिए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से इस प्रारूप में 6 शतक और 69 अर्धशतक निकले हैं। इस मामले में भारतीय खिलाड़ियों में उनसे आगे सिर्फ विराट कोहली है, जिनके बल्ले से अब तक 330 मैचों में 10379 रन निकल चुके हैं।

ये हैं टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी

1. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) - 14562 रन

2. शोएब मलिक (पाकिस्तान) - 11698 रन

3. कीरोन पोलार्ड (वेस्टइंडीज) - 11474 रन

4. आरोन फिंच (ऑस्ट्रेलिया) - 10499 रन

5. विराट कोहली (भारत) - 10379 रन

6. डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) - 10373 रन

7. रोहित शर्मा (भारत) - 10003 रन

अगर बात करें आईपीएल इतिहास की, तो रोहित शर्मा अब तक भारत की इस प्रतिष्ठित टी20 लीग में 2008 से 2022 के बीच 218 मैचों में खेलते हुए 5719 रन बना चुके हैं। इस लिस्ट में वो तीसरे नंबर पर हैं। वो सिर्फ विराट कोहली (6390 रन) और शिखर धवन (5981 रन) से पीछे हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!