6 बॉल, 3 बार आउट, डेविड वॉर्नर ने भी नहीं सोचा होगा कि कुछ ऐसा हो जाएगा !

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 8, 2022, 06:15 AM IST

David Warner vs Ravi Bishnoi: आईपीएल 2022 में गुरुवार रात जब लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने आईं तो सबकी नजरें दो खास खिलाड़ियों पर टिकी हुई थीं। वजह भी दिलचस्प थी, और नतीजा उससे भी ज्यादा हैरान करने वाला।

6 बॉल, 3 बार आउट, डेविड वॉर्नर ने भी नहीं सोचा होगा कि कुछ ऐसा हो जाएगा !

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (David Warner) गुरुवार को आईपीएल 2022 में अपना पहला मैच खेलने उतरे। वो उस दिल्ली कैपिटल्स टीम के लिए वापसी करने जा रहे थे जिसके साथ वो आईपीएल के शुरुआती दिनों में जुड़े थे। उनके फैंस उम्मीद कर रहे थे कि दिल्ली कैपिटल्स में उनकी वापसी यादगार रहेगी लेकिन हुआ बिल्कुल उल्टा। वो सस्ते में आउट तो हुए लेकिन साथ ही जिस गेंदबाज के खिलाफ आउट हुए, उसने उनको जाहिर तौर पर शर्मिंदा कर दिया होगा।

नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए इस मैच में लखनऊ ने टॉस जीतकर दिल्ली को पहले बैटिंग करने का न्योता दिया। दिल्ली की तरफ से पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर ओपनिंग करने उतरे। पृथ्वी शॉ ने तो 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली लेकिन वॉर्नर 12 गेंदों में 4 रन बनाकर आउट हो गए। उनके लिए सिर्फ ये विकेट अजीब नहीं था, बल्कि जिस गेंदबाज ने उनको आउट किया था, वो भी चिंता का विषय है।

21 साल के भारतीय गेंदबाज का कमाल

इस पारी के नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर रवि बिश्नोई ने बाहर की तरफ गुगली फेंकते हुए अपनी फिरकी में डेविड वॉर्नर को फंसाया, और वॉर्नर इस गेंद पर आयूष बदोनी को आसान कैच थमा बैठे। ये विकेट इसलिए चर्चा में है क्योंकि रवि बिश्नोई ने डेविड वॉर्नर को आईपीएल टी20 में तीसरी बार आउट किया है। इससे भी दिलचस्प बात ये है कि अब तक आईपीएल में रवि बिश्नोई ने डेविड वॉर्नर के खिलाफ सिर्फ 6 गेंदें फेंकी हैं जिन पर सिर्फ 5 रन आए और वॉर्नर तीन बार आउट हुए।

जोधपुर (राजस्थान) के युवा स्पिनर रवि बिश्नोई पिछले कुछ सीजन में आईपीएल में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे हैं। रवि बिश्नोई ने अब तक आईपीएल करियर के 27 मैचों में 28 विकेट झटके हैं और आने वाले दिनों में वो टी20 विश्व कप 2022 के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह बनाने का भी प्रयास करेंगे। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!