19 मिनट, 6 छक्के, 4 चौके और मैच खत्म, पैट कमिंस ने जड़ा आईपीएल इतिहास का सबसे तेज पचासा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 6, 2022, 11:34 PM IST

Pat Cummins scores fastest half-century in IPL: कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल 2022 में अपना पहला मुकाबला खेलने उतरे पैट कमिंस ने पहले ही दिन धूम मचाते हुए सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया।

19 मिनट, 6 छक्के, 4 चौके और मैच खत्म, पैट कमिंस ने जड़ा आईपीएल इतिहास का सबसे तेज पचासा

Fastest IPL Fifty: आईपीएल 2022 में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने अब अपनी दस्तक देनी शुरू कर दी है। पाकिस्तान दौरे के बाद आईपीएल से जुड़ते ही उनका दम दिखने लगा है। बुधवार को इसकी पहली झलक दिखाई दी जब ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर पैट कमिंस (Pat Cummins) ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए इस सीजन का पहला मैच खेला और पहले ही मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ ना सिर्फ दो विकेट लिए बल्कि आईपीएल इतिहास के सबसे तेज अर्धशतक की बराबरी भी कर ली।

इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 161 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जवाब देने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के सामने 162 रनों का लक्ष्य था। कोलकाता को एक समय पर 83 रन के अंदर 4 झटके लग चुके थे, लेकिन वेंकटेश अय्यर लगातार मजबूती से पिच पर टिके हुए थे। तभी उनका साथ देने के लिए सातवें स्थान पर उतरे पैट कमिंस।

आए और केएल राहुल के रिकॉर्ड की बराबरी की

पैट कमिंस ने आते ही धमाकेदार बल्लेबाजी शुरू कर दी और देखते-देखते 14 गेंदों में उन्होंने आईपीएल इतिहास के सबसे तेज अर्धशतक की बराबरी कर डाली। ये रिकॉर्ड अब तक सिर्फ भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल के नाम दर्ज था, लेकिन अब पैट कमिंस भी इस रिकॉर्ड लिस्ट में संयुक्त रूप से शीर्ष पर अपना नाम दर्ज करा चुके हैं।

19 मिनट की पारी, छक्कों की बौछार

कमिंस ने अपनी इस पारी में 15 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 6 छक्के और 4 चौके निकले। उन्होंने सिर्फ 19 मिनट के अंदर मुंबई इंडियंस को पस्त कर दिया। कोलकाता की टीम ने 16 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। वेंकटेश अय्यर ने भी नाबाद 50 रनों की पारी खेली लेकिन पैट कमिंस ने 2 विकेट और 56 रनों की पारी के दम पर 'मैन ऑफ द मैच' का खिताब जीता।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!