मोहम्मद शमी ने आईपीएल में जड़ा विकेटों का अर्धशतक, ये खिलाड़ी बना पचासवां शिकार 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 10, 2020, 04:30 PM IST

टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आईपीएल में एक व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल कर ली। राहुल त्रिपाठी उनके आईपीएल करियर का पचासवां शिकार बने।

मोहम्मद शमी ने आईपीएल में जड़ा विकेटों का अर्धशतक, ये खिलाड़ी बना पचासवां शिकार 

दुबई: टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आईपीएल में शनिवार को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ एक व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल कर ली। अबुधाबी में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की पारी के तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर शमी ने सीएसके के खिलाफ जीत के हीरो रहे राहुल त्रिपाठी को बोल्ड कर दिया। राहुल 10 गेंद में केवल 4 रन बना सके। 

राहुल का विकेट शमी के आईपीएल करियर का 50वां विकेट था। शमी ने ये उपलब्धि 58वां मैच खेलते हुए हासिल की। साल 2009 में शमी आईपीएल में पहली बार खेले थे। इसके बाद उन्हें दूसरा मौका साल 2013 में मिला था। उसके बाद से वो नियमित तौर पर आईपीएल का हिस्सा रहे हैं। वो दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। दो सीजन से शमी किंग्स इलेवन पंजाब का हिस्सा हैं और पिछले सीजन में 14 मैच में 19 विकेट लिए थे जो कि आईपीएल में उनका एक सीजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 

आईपीएल 2020 में मचा रहे हैं धमाल
शमी मौजूदा आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। भले ही उनकी टीम का प्रदर्शन अबतक अच्छा नही रहा है लेकिन शमी व्यक्तिगत तौर पर शानदार प्रदर्शन करने में सफल रहे हैं। खबर लिखे जाने तक शमी ने आईपीएल 2020 में 7 मैच में 21.10 के औसत और 8.22 की इकोनॉमी से 10 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 15 रन देकर 3 विकेट रहा है। वो लगातार टॉप 5 में बने हुए हैं।  

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!