Lucknow IPL फ्रेंचाइजी ने चुन लिए अपने तीन खिलाड़ी, केएल राहुल होंगे कप्‍तान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 18, 2022, 06:09 PM IST

KL Rahul will lead Lucknow franchise in IPL 2022: आईपीएल 2022 में शामिल होने वाली नई टीम लखनऊ फ्रेंचाइजी ने मेगा ऑक्‍शन से पहले अपने तीन खिलाड़‍ियों का चयन कर लिया है। लखनऊ ने राहुल को अपनी टीम का कप्‍तान बनाया है। जानिए इस फ्रेंचाइजी ने किन तीन खिलाड़‍ियों का चयन किया।

Lucknow IPL फ्रेंचाइजी ने चुन लिए अपने तीन खिलाड़ी, केएल राहुल होंगे कप्‍तान

लखनऊ: लखनऊ आईपीएल फ्रेंचाइजी ने आगामी मेगा ऑक्‍शन से पहले अपने तीन खिलाड़‍ियों को चुन लिया है। लखनऊ फ्रेंचाइजी ने केएल राहुल, ऑस्‍ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्‍टोइनिस और अनकैप्‍ड भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्‍नोई को चुना है। तय माना जा रहा है कि केएल राहुल आगामी सीजन में लखनऊ की कप्‍तानी करते हुए नजर आएंगे। ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक फरवरी में होने वाली नीलामी में लखनऊ फ्रेंचाइजी 60 करोड़ रुपए के पर्स के साथ जाना चाहती है।

फ्रेंचाइजी ने केएल राहुल को 15 करोड़, मार्कस स्‍टोइनिस को 11 करोड़ और रवि बिश्‍नोई को 4 करोड़ रुपए में खरीदा है। याद हो कि पिछले साल अक्‍टूबर में आरपी संजीव गोयनका ग्रुप ने 7090 करोड़ रुपए में लखनऊ फ्रेंचाइजी खरीदी थी। राहुल लखनऊ फ्रेंचाइजी की सबसे पहली पसंद रही। 2018 आईपीएल से निरंतर बेहतर बल्‍लेबाजी करने वाले राहुल ने अपनी पूर्व फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्‍स को पहले कहा था कि वो बदलाव चाहते हैं और तभी उन्‍हें प्रबंधन ने रिलीज कर दिया था। राहुल ने पंजाब किंग्‍स की दो सीजन तक कप्‍तानी की।

राहुल ने अपना आईपीएल करियर 2013 में शुरू किया था, तब उन्‍हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने खरीदा था। 2014 में राहुल सनराइजर्स हैदराबाद गए। 2016 में आरसीबी ने उन्‍हें दोबारा हासिल किया। फिर पंजाब फ्रेंचाइजी ने 2018 नीलामी में राहुल को 11 करोड़ रुपए में खरीदा। जहां पंजाब की टीम प्रदर्शन करने में नाकाम रही, वहीं राहुल ने अपनी बल्‍लेबाजी से लगातार प्रभावित किया। पंजाब के साथ चार सीजन के बाद राहुल ने नाता तोड़ा। वह टीम के सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाज रहे। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने 55 पारियों में 55.62 की औसत से 2548 रन बनाए।

वहीं स्‍टोइनिस की यह चौथी आईपीएल फ्रेंचाइजी बनी। उन्‍होंने 2015 में दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरूआत की थी। जहां 2020 में 4.8 करोड़ रुपए में वो वापस लौटे। स्‍टोइनिस ने कैपिटल्‍स के लिए 27 मैच खेले, जिसमें 441 रन और 15 विकेट झटके। इसके अलावा उन्‍होंने पंजाब और आरसीबी का प्रतिनिधित्‍व भी किया। वहीं रवि बिश्‍नोई ने अंडर-19 वर्ल्‍ड कप में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया था। 2020 नीलामी में पंजाब ने रवि बिश्‍नोई को 2 करोड़ रुपए में खरीदा था। बिश्‍नोई ने पहले सीजन में 14 मैचों में 12 विकेट लिए। फिर 2021 में उन्‍होंने 9 मैचों में 12 विकेट चटकाए थे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!