केएल राहुल ने मुंबई के खिलाफ शतक जड़कर रचा इतिहास, बने 'ट्रिपल धमाल' करने वाले पहले बल्लेबाज 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 24, 2022, 10:04 PM IST

KL Rahul Century: लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल ने रविवार को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आईपीएल में तीसरा शतक जड़कर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। 

केएल राहुल ने मुंबई के खिलाफ शतक जड़कर रचा इतिहास, बने 'ट्रिपल धमाल' करने वाले पहले बल्लेबाज 

मुंबई: लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल के बल्ले ने एक बार फिर मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आग उगली और सीजन में उनके खिलाफ दूसरे मुकाबले में सैकड़ा जड़कर इतिहास रच दिया। यह राहुल के बल्ले से मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आईपीएल में निकला तीसरा शतक है। रविवार को वो 62 गेंद में 103 रन बनाकर नाबाद रहे। इस पारी के दौरान उन्होंने 12 चौके और 4 छक्के जड़े। 

एक टीम के खिलाफ 3 टी20 शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी 
यह राहुल के बल्ले से आईपीएल में निकला चौथा शतक है। लेकिन इन चार में से तीन शतक मुंबई इंडियन्स के खिलाफ निकले हैं। इसकी के साथ ही टी20 क्रिकेट इतिहास में किसी एक टीम के खिलाफ तीन शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। राहुल ने साल 2019 में मुंबई के खिलाफ पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए वानखेड़े में 64 गेंद में 100* रन की पारी खेली थी। उसके बाद उन्होंने मौजूदा सीजन में ब्रेबोर्न स्टेडियम में 60 गेंद में 103* रन बनाए थे और रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में 62 गेंद में 103* रन की पारी खेलकर नाबाद रहे हैं। आईपीएल इतिहास में केएल राहुल ने चार शतक जड़े हैं और चारों ही बार वो नाबाद रहे हैं। वो ऐसा करने वाले भी आईपीएल इतिहास में पहले खिलाड़ी हैं। 

मुंबई के खिलाफ जमकर चलता है राहुल का बल्ला
केएल राहुल का बल्ला आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियन्स के खिलाफ जमकर चलता है। मुंबई के खिलाफ आईपीएल में 16वीं पारी खेलते हुए केएल राहुल ने तीसरी बार सैकड़ा जड़ा है। इसके अलावा वो 5 अर्धशतक भी मुंबई के खिलाफ जड़ चुके हैं। मुंबई इंडियन्स के खिलाफ राहुल ने 16 पारियों में 86.7 की औसत से 867 रन बनाए हैं। 

मुंबई के खिलाफ सबसे ज्यादा अर्धशतक
केएल राहुल ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में जैसे ही 37 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया वो मुंबई के खिलाफ आईपीएल में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए। इस मैच से पहले ये रिकॉर्ड साझा रूप से सुरेश रैना और केएल राहुल के नाम साझा रूप से दर्ज था दोनों ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ 7-7 अर्धशतक जड़े थे। लेकिन राहुल ने रविवार को मुंबई के खिलाफ आठवीं बार ये कारनामा करके रैना को पीछे छोड़ दिया। 

सबसे ज्यादा आईपीएल शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय
आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में अब केएल राहुल क्रिस गेल और विराट कोहली के बाद साझा रूप से तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। क्रिस गेल ने आईपीएल में सबसे ज्यादा 6 शतक जड़े हैं वहीं विराट के नाम 5 शतक हैं। ऐसे में अब केएल राहुल, जोस बटलर, डेविड वॉर्नर और शेन वॉटसन के नाम 4-4 आईपीएल शतक हो गए हैं। वो आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में भारतीय खिलाड़ियों में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। 



End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!