Kolkata School Attack: कोलकाता के साउथ पॉइंट हाई स्कूल में बुधवार को दो छात्रों के बीच आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस दौरान नौवीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर अपने ही सहपाठी पर किसी नुकीली चीज से हमला कर दिया। इस घटना में 15 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सर्जरी के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस चौंकाने वाली घटना के बाद पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी गई है।
क्लास टीचर की मौजूदगी में हुआ हमला
स्कूल के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर क्लास टीचर की मौजूदगी में एक छात्र ने अचानक अपने ही क्लास के दूसरे छात्र पर नुकीली चीज से हमला कर दिया। हमले के कारण छात्र का काफी खून बहने लगा। मौके पर मौजूद शिक्षक उसे तुरंत स्कूल के फर्स्ट-एड यूनिट में लेकर गए। वहां नर्सिंग स्टाफ ने प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद सीनियर टीचर और स्कूल के कर्मचारियों ने घायल छात्र को पास के अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र के अभिभावक भी अस्पताल में पहुंचे।
गर्दन और हाथ की उंगलियों में गंभीर चोट
अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, 15 वर्षीय छात्र को गर्दन पर गहरे घाव आए हैं। उसके बाएं हाथ की कई उंगलियों में गंभीर चोटें भी हैं। शुरुआती इलाज के बाद उसकी हालत स्थिर हुई, जिसके बाद उसे ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। प्लास्टिक और रिकंस्ट्रक्टिव सर्जन डॉ. दीपांजन डे की देखरेख में हुई सर्जरी के दौरान पता चला कि गर्दन का गहरा घाव मुंह की ओर बढ़ गया था और अंदर की मांसपेशियों को नुकसान पहुंचा था। हमले में बाएं हाथ की तर्जनी उंगली के एक्सटेंसर टेंडन को भी नुकसान पहुंचा था। इसके अलावा अन्य उंगलियों पर भी घाव मिले। सर्जरी के दौरान सभी घावों को ठीक कर दिया गया। फिलहाल छात्र की हालत स्थिर बताई जा रही है।
किताब को लेकर विवाद शुरू होने का शक
फिलहाल दोनों छात्रों के बीच विवाद की असल वजह साफ नहीं हो पाई है। शुरुआती जांच के अनुसार, नौवीं कक्षा के दोनों छात्रों के बीच कथित तौर पर एक किताब को लेकर बहस शुरू हुई थी। इसी विवाद के बाद हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना को लेकर पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है और मामले की जांच की जा रही है।
