एमएस धोनी पर रहस्यमयी ट्वीट करने के बाद इरफान पठान ने दिया जवाब, बोले- सिर्फ दो लाइन में सिर घूम गया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 6, 2020, 10:10 AM IST

Irfan Pathan cryptic tweet on MS Dhoni: इरफान पठान ने हाल ही में सीएसके के कप्तान एमएस धोनी को लेकर रहस्यमयी ट्वीट किया था, जिसके बाद से उनकी आलोचना हो रही है। इरफान ने अब इसपर रिएक्ट किया है।

एमएस धोनी पर रहस्यमयी ट्वीट करने के बाद इरफान पठान ने दिया जवाब, बोले- सिर्फ दो लाइन में सिर घूम गया

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान एमएस धोनी को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 में अब तक बल्ले के साथ संघर्ष करते हुए नजर आए हैं। धोनी एक साल से अधिक समय के ब्रेक के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बेहद संघर्षपूर्ण पारी खेली थी, जिसे लेकर कई लोगों ने सवाल उठाए तो किसी ने 39 वर्षीय धोनी के जज्बे की तारीफ की। 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए धोनी पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे। उन्होंने रफ्तार पकड़े में देर कर दी और चेन्नई की टीम ने मैच 7 रन से गंवा दिया। उन्होंने 36 गेंदों में नाबाद 47 रन बनाए। पारी के दौरान धोनी को थकान के कारण काफी परेशान होते हुए देखा गया। वह रन रन दौड़ने के बाद हांफते हुए भी नजर आए।

धोनी की इस पारी के बाद भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने एक रहस्यमयी ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था, 'कुछ लोगों के लिए उम्र सिर्फ एक नंबर है जबकि अन्य लोगों के लिए टीम से निकालने जाने का एक कारण।' 35 वर्षीय पठान को इस ट्वीट के चलते सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा। पठान ने अब अपने इस ट्वीट को लेकर रिएक्ट किया है। उन्होंने अपने आलोचकों को जवाब देते हुए ट्विटर पर लिखा, 'सिर्फ दो लाइन में सिर घूम गया। पूरी किताब पढ़ने पर चक्कर भी आएगा।' उनके ट्वीट पर यूजर्स तरह-तरह से रिएक्शन दे रहे हैं। कइयों ने जहां पठान की बात समहति जताई तो कई लोगों ने अपनी कुछ और राय का इजहार किया।
 

गौरतलब है कि इरफान पठान अक्सर अपनी बढ़ती उम्र के आधार पर भारतीय टीम से बाहर होने की शिकायत करते रहे हैं। वह नीली जर्सी में भारत के लिए खेलते हुए आखिरी बार अक्टूबर 2012 में दिखे थे। लंबे समय तक टीम से बाहर रहने के बाद पठाने इस साल जनवरी में अंतराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने साल 2003 में अंतराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। पठान ने भारत के लिए  29 टेस्ट, 120 वनडे और 24 टी20 अंतराष्ट्रीय मुकाबले खेले। वह साल 2007 में टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे थे। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!