Today IPL match pitch report, Punjab vs Gujarat: आईपीएल 2022 में आज पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम पर घमासान होगा। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। टॉस शाम 7 बजे होगा। गुजरात टाइटंस ने अपने शुरूआती दोनों मैच जीते और वह इस समय शानदार लय में है। वहीं पंजाब किंग्स ने तीन में से दो मुकाबले जीते हैं और इसी वजह से उसके भी हौसले बुलंद है। गुजरात टाइटंस की कमान हार्दिक पांड्या के हाथों में है। पंजाब किंग्स की कप्तानी मयंक अग्रवाल कर रहे हैं।
पंजाब और गुजरात दोनों ही टीमों की कोशिश जीत दर्ज करके आईपीएल अंक तालिका में अपनी स्थिति सुधारने की होगी। गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स की टीम इस समय क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर काबिज है। गुजरात के पास जहां शानदार गेंदबाज हैं तो पंजाब के पास नामी बल्लेबाज हैं, ऐसे में यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। फैंस का ध्यान इस समय ब्रेबोर्न स्टेडियम की पिच और मुंबई के मौसम की जानकारी जानने पर लगा हुआ है।
आज कैसी होगी ब्रेबोर्न स्टेडियम की पिच, पंजाब-गुजरात मैच (PBKS vs GT Pitch Report)
मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम पर हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद जताई जा रही है। यहां पर मौजूदा आईपीएल के अब तक तीन मैच खेले गए हैं और सभी में टीमों ने 170 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। चेन्नई और पंजाब के बीच मुकाबला 200 रन के पार गया था। इससे साफ है कि ब्रेबोर्न स्टेडियम पर बल्लेबाजों की मौज रहने वाली है। क्रिकेट फैंस को झूमने का खूब मौका मिलेगा क्योंकि बाउंड्री ज्यादा लगने की उम्मीद है। मौजूदा आईपीएल में दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को ज्यादा सफलता मिली है। यहां ओस भी जमकर बरसी देखी गई है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले फील्डिंग करना जरूर पसंद करेगी।
मुंबई का मौसम (Mumbai Weather Forecast)
पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला शाम में खेला जाना है, जहां खिलाड़ियों को तपन से राहत महसूस होगी। शाम के समय में मुंबई का मौसम थोड़ा ठंडा पड़ता है। मुंबई में आज बादल एकदम साफ है और बारिश का जरा भी अंदेशा नहीं है तो फैंस को पूरे 40 ओवर का मुकाबला देखने को मिल सकता है। यहां का सर्वाधिक तापमान 34 डिग्री सेलसियस रहेगा। शाम के समय यह गिरकर 26 डिग्री तक पहुंचेगा। हवा 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जाएगी। मौसम में नमी 73 प्रतिशत तक रहेगी।

