बिजनेस

लखनऊ में 2 BHK flat खरीदने का मौका, अदिति अपार्टमेंट में शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन

Lucknow Housing Scheme: अगर आप भी अपना खुद का घर खरीदने का सपना देख रहे हैं तो खुश हो जाइए। लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से अदिति अपार्टमेंट में 2 BHK फ्लैटों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है।

Image

लखनऊ में 2BHK खरीदने का शानदार मौका (Photo: X handle/@LkoDevAuthority)

Lucknow Housing Scheme: अगर आप भी लखनऊ में अपना घर खरीदने के बारे में सोच रहे हैं तो खुश हो जाइए। लखनऊ विकास प्राधिकरण (Lucknow Development Authority) की ओर से एक लेटेस्ट अपडेट जारी किया गया है। LDA के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर दी गई जानकारी के अनुसार, लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से अदिति अपार्टमेंट में 2 BHK फ्लैटों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है। यह आवासीय योजना अनंत नगर योजना, मोहान रोड, लखनऊ में स्थित है। आवेदक तय अवधि के दौरान ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

समय रहते पूरी करें आवेदन प्रक्रिया

लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, अदिति अपार्टमेंट के 2 BHK फ्लैटों के लिए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत 2 अक्टूबर 2026 से हो गई है। आवेदन करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। यानी इच्छुक लोगों के पास पंजीकरण के लिए करीब एक महीने का समय है। आवेदकों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

अदिति अपार्टमेंट, अनंत नगर योजना में मोहान रोड पर स्थित है। LDA की अनंत नगर हाउसिंग स्कीम के तहत इस क्षेत्र में आवासीय विकास के साथ-साथ विभिन्न सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर भी काम किया जा रहा है। प्राधिकरण की वेबसाइट पर अनंत नगर योजना को लेकर आवासीय भवनों, दुकानों, व्यावसायिक केंद्रों और अन्य विकास कार्यों की जानकारी दी गई है।

कैसे कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन

अदिति अपार्टमेंट के 2 BHK फ्लैट के लिए रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन किया जा सकता है। इसके लिए LDA की ओर से जारी रजिस्ट्रेशन पोर्टल https://registration.ldalucknow.in पर विजिट कर सकते हैं। हालांकि, आवेदक को आवेदन करने से पहले योजना से जुड़े नियम, पात्रता, फ्लैट की कीमत, पंजीकरण राशि, भुगतान से जुड़ी शर्तें और अन्य जरूरी जानकारी जांचनी जरूरी है।

यहां से लें योजना से जुड़ी जानकारी

LDA के अपार्टमेंट सेक्शन के मुताबिक, प्राधिकरण की विभिन्न अपार्टमेंट योजनाओं में यूनिट का रजिस्ट्रेशन और आवंटन योजना के अनुसार पहले आओ, पहले पाओ (FCFS) या लॉटरी सिस्टम के जरिए किया जाता है। इसके अलावा, रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारी के लिए आप LDA की ओर से जारी टोल-फ्री नंबर 1800-1800-5000 पर संपर्क कर सकते हैं। इस हेल्पलाइन पर सोमवार से शनिवार तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच संपर्क किया जा सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article