ऑस्‍ट्रेलिया के दिग्‍गज ने चुनी अपनी सर्वश्रेष्‍ठ IPL 20 XI, एमएस धोनी को नहीं किया शामिल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 14, 2020, 03:02 PM IST

IPL 2020 XI: ऑस्‍ट्रेलिया के पूर्व चाइनामैन ब्रेड हॉग ने आईपीएल 2020 के लिए अपनी सर्वश्रेष्‍ठ एकादश का चयन किया है। हॉग ने केन विलियमसन को कप्‍तान चुना है। जानिए उन्‍होंने किस सुपरस्‍टार को नजरअंदाज किया।

ऑस्‍ट्रेलिया के दिग्‍गज ने चुनी अपनी सर्वश्रेष्‍ठ IPL 20 XI, एमएस धोनी को नहीं किया शामिल

नई दिल्‍ली: आईपीएल शुरू होने में अब कुछ ही समय रह गया है और विशेषज्ञ व पूर्व क्रिकेटर्स अनुमान व समीक्षा करना शुरू कर चुके हैं। ऑस्‍ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर ब्रेड हॉग ने अपने यूट्यूब चैनल पर टूर्नामेंट शुरू होने से पहले आईपीएल 2020 की सर्वश्रेष्‍ठ एकादश का ऐलान किया है।

आईपीएल में राजस्‍थान रॉयल्‍स और कोलकाता नाइटराइडर्स का प्रतिनिधित्‍व कर चुके हॉग ने अपनी टीम में चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के कप्‍तान एमएस धोनी को शामिल नहीं किया। धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्‍तानों में से एक हैं और फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्‍लेबाज हैं। हालांकि, एमएस धोनी ने एक साल से ज्‍यादा समय से प्रतिस्‍पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। उन्‍होंने आखिरी बार 2019 विश्‍व कप में न्‍यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच खेला था।

एमएस धोनी ने इस साल अगस्‍त में अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट से संन्‍यास लिया और 22 यार्ड पर उनकी वापसी ज्‍यादा दमदार नहीं मानी जा रही है। बहरहाल, हॉग ने एमएस धोनी को तो अपनी टीम में ही नहीं चुना जबकि केन विलियमसन को सर्वश्रेष्‍ठ आईपीएल 2020 एकादश का कप्‍तान बनाया है। विलियमसन ने पिछले दो सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद की कमान संभाली थी, लेकिन इस साल वो टीम का नेतृत्‍व नहीं करेंगे क्‍योंकि डेविड वॉर्नर बतौर कप्‍तान लौट रहे हैं।

वॉर्नर को हॉग ने बतौर ओपनर अपनी टीम में मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा के साथ चुना है। रोहित और वॉर्नर दोनों अपनी ताबड़तोड़ बल्‍लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और सीमित ओवर क्रिकेट के दो सबसे बेहतरीन बल्‍लेबाज माने जाते हैं। हॉग ने आरसीबी के कप्‍तान विराट कोहली को निरंतर रन बनाने के कारण तीसरे नंबर पर चुना जबकि कप्‍तान केन विलियमसन को चौथे नंबर की जिम्‍मेदारी सौंपी।

एमएस धोनी की जगह ब्रेड हॉग ने युवा रिषभ पंत को अपनी आईपीएल 2020 एकादश में शामिल किया है। इसके अलावा आंद्रे रसेल, रवींद्र जडेजा और सुनील नरेन के रूप में तीन आलराउंडर्स हैं, जो गेंद व बल्‍ले दोनों से धमाल मचा सकते हैं। स्पिनर के रूप में हॉग ने युजवेंद्र चहल को चुना, जिन्‍हें जडेजा और नरेन का साथ मिलेगा। हॉग ने अपनी टीम में जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्‍वर कुमार को तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्‍मेदारी सौंपी है।

ब्रेड हॉग की आईपीएल 2020 एकादश में सनराइजर्स हैदराबाद के तीन, मुंबई इंडियंस कोलकाता नाइटराइडर्स और आरसीबी के दो-दो, चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स और दिल्‍ली कैपिटल्‍स से एक-एक शामिल है। राजस्‍थान रॉयल्‍स, और किंग्‍स इलेवन पंजाब का कोई खिलाड़ी जगह नहीं बना सका।

ब्रेड हॉग की सर्वश्रेष्‍ठ आईपीएल 2020 एकादश इस प्रकार है:

डेविड वॉर्नर, रोहित शर्मा, विराट कोहली, केन विलियमसन (कप्‍तान), रिषभ पंत (विकेटकीपर), आंद्रे रसेल, रवींद्र जडेजा, सुनील नरेन, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्‍वर कुमार और जसप्रीत बुमराह।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!