डेथ ओवरों में नाकों चने चबाने वाला टीम इंडिया में हुआ शामिल, रातोंरात 'फर्श से अर्श' पर पहुंचा तेज गेंदबाज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 22, 2022, 09:32 PM IST

आईपीएल में विरोधी बल्लेबाजों को डेथ ओवरों में नाकों चने चबवाने वाले बांए हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। जानिए अबतक का उनका कैसा रहा है सफर?

डेथ ओवरों में नाकों चने चबाने वाला टीम इंडिया में हुआ शामिल, रातोंरात 'फर्श से अर्श' पर पहुंचा तेज गेंदबाज

मुंबई: आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेल रहे  23 वर्षीय अर्शदीप सिंह को आखिरकार भारतीय टीम में शामिल होने का मौका मिल गया। अर्शदीप को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। अपनी तेज रफ्तार गेंदों से कहर परपाने वाले उमरान मलिक को भी टीम में जगह मिली है। 

आईपीएल 2022 में किया शानदार प्रदर्शन
अर्शदीप को यह मौका आईपीएल 2022 में शानदार गेंदबाजी के दम पर मिला है। अर्शदीप ने डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी की है और चयनकर्ताओं को प्रभावित करने में सफल रहे। यही उनके टीम इंडिया में  उन्होंने अबतक खेले 14 मैच में 36.40 के औसत और 7.69 की इकोनॉमी के साथ कुल 10 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 28.40 रहा है। बुमराह के बाद सबसे कम इकोनॉमी के साथ गेंदबाजी करने वालों में दूसरे पायदान पर हैं। 

मध्यप्रदेश के गुना में हुआ जन्म, चंडीगढ़ में हुई पढ़ाई
मध्य प्रदेश के गुना में 5 फरवरी 1999 को जन्मे अर्शदीप सिंह ने 13 साल की उम्र में स्कूल के लिए क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उनकी प्रारंभिंक शिक्षा गुरु नानक पब्लिक स्कूल चंडीगढ़ में हुई है। वहीं पर उन्होंने क्रिकेट का ककहरा कोच जसवंत राय से सीखा।इसी दौरान स्कूल क्रिकेट से होते हुए उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम में जगह बनाई। इसके बाद आईपीएल में भी जल्दी ही उन्हें मौका मिल गया। 

साल 2018 में पंजाब के लिए किया था डेब्यू
अर्शदीप ने 19 सितंबर 2018 को पंजाब की ओर से खेलते हुए हिमाचल प्रदेश के खिलाफ लिस्ट ए डेब्यू किया था। इस मुकाबले में उन्होंने 9.3 ओवरों में 51 रन देकर 2 विकेट लिए थे। इसके बाद उन्हें 25 दिसंबर 2019 को विदर्भ के खिलाफ रणजी डेब्यू का मौका मिला। डेब्यू मैच में उन्होंने 65 रन देकर 3 विकेट हासिल लिए। अबतक खेले 6 प्रथम श्रेणी मैचों में अर्शदीप 21, 17 लिस्ट ए मैचों में 21 और 48 टी20 मैचों में 52 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। 

पंजाब किंग्स में साल 2018 में हुए थे शामिल
दिसंबर 2018 में हुई आईपीएल नीलामी में उन्हें पंजाब किंग्स( किंग्स इलेवन पंजाब) ने ग्यारहवें सीजन के लिए अपनी टीम में शामिल किया। पहले सीजन में उन्हें 3 मैच खेलने का मौका मिला जिसमें उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। इसके बाद उन्हें पंजाब ने उन्हें टीम में बनाए रखा। अर्शदीप के प्रदर्शन में लगातार सुधार होता गया और साल 2020 में 8 मैच में वो 9 विकेट अपने नाम करने में सफल रहे। 

2021 में किया अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
साल 2021 अर्शदीप ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अर्शदीप ने 12 मैच में 19.00 के औसत और 8.27 की इकोनॉमी के साथ कुल 18 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान 32 रन देकर 5 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इस प्रदर्शन को देखते हुए पंजाब किंग्स ने मेगा ऑक्शन से पहले अर्शदीप को 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया। वो पंजाब द्वारा नीलामी से पहले रिटेन किए गए दो खिलाड़ियों में शामिल थे। 

गेंदबाजी में लंबे कद का उठाते हैं फायदा
बांए हाथ से तेज गेंदबाजी करने वाले अर्शदीप अपने लंबे कद का पूरा फायदा उठाते हैं। वो 6 फुट 3 इंच लंबे हैं। वो पारी की शुरुआत  में, बीच के ओवरों में और स्लॉग ओवरों में गेंदबाजी कर सकते हैं। उनकी सटीक लाइन लेंथ गेंदबाजी में मददगार साबित होती है। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!