आखिरी गेंद पर हार के बावजूद बने 'मैन ऑफ द मैच', तो 119 रन बनाने वाले संजू सैमसन ने दिया ऐसा बयान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 13, 2021, 10:11 AM IST

Sanju Samson post match comments: राजस्थान रॉयल्स के नए युवा कप्तान संजू सैमसन ने कप्तानी के पहले ही मैच में शतक जड़कर इतिहास रचा लेकिन अंतिम गेंद पर अपनी टीम को जीत दिलाने से चूक गए। इसके बाद उनका बयान।

आखिरी गेंद पर हार के बावजूद बने 'मैन ऑफ द मैच', तो 119 रन बनाने वाले संजू सैमसन ने दिया ऐसा बयान

मुंबईः संजू सैमसन के शतक के बावजूद राजस्थान रॉयल्स को इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां पंजाब किंग्स के खिलाफ बड़े स्कोर वाले मैच में चार रन से हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद टीम के इस कप्तान ने कहा कि वह रॉयल्स को जीत दिलाना पसंद करते लेकिन इससे बेहतर कुछ नहीं कर सकते थे।

पंजाब किंग्स ने कप्तान लोकेश राहुल के 50 गेंद में पांच छक्कों और सात चौकों की मदद से 91 रन और दीपक हुड्डा (28 गेंद में 64 रन, छह छक्के, चार चौके) के साथ उनकी तीसरे विकेट के लिए 105 रन की तेजतर्रार साझेदारी की बदौलत छह विकेट पर 221 रन बनाए।

इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल कप्तानी पदार्पण में शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने संजू सैमसन (119 रन, 63 गेंद, 12 चौके, सात छक्के) के ताबड़तोड़ शतक के बावजूद सात विकेट पर 217 रन ही बना सकी।

सैमसन ने मैच के बाद कहा, ‘‘अपने अहसास को बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। अपनी टीम को जीत दिलाना पसंद करता। मुझे नहीं लगता कि मैं इससे बेहतर कुछ कर सकता था।’’

सैमसन को टीम को जीत दिलाने के लिए अंतिम गेंद पर छह रन की दरकार थी लेकिन वह बाउंड्री के समीप दीपक हुड्डा को कैच दे बैठे। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगा था कि मैंने छक्के के लिए गेंद को अच्छी तरह मारा है लेकिन ऐसा नहीं हुआ।’’ दोनों टीमों ने इस मुकाबले में काफी कैच टपकाए जिस पर सैमसन ने कहा, ‘‘कई कैच छूट जाते हैं और अच्छे कैच पकड़े भी जाते हैं। यह खेल का हिस्सा है।’’

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!