Ind vs Aus 1st ODI, Match Updates: फिंच-स्मिथ के शतक भारत को पड़े भारी, ऑस्ट्रेलिया ने 66 रन से जीता पहला वनडे
India vs Australia 1st ODI: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुक्रवार को पहला वनडे खेला गया। मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच 66 रन से अपने नाम कर लिया।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भिड़ी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीडी) में खेला गया। भारत की अगुवाई विराट कोहली ने की जबकि ऑस्ट्रेलिया की बागडोर आरोन फिंच ने संभाली। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।
ऑस्ट्रेलिया ने 66 रन से जीता मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारत को हरा दिया। बड़े स्कोर वाले इस मैच में भारत को 66 रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग करते हुए 374 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में भारतीय टीम निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 308 रन ही बना सकी। भारत के लिए हार्दिक पांड्या (90) ने सर्वाधिक रन बनाए। उनके अलावा शिखर धवन ने 74 रन की पारी खेली। वहीं, नवदीप सैनी (नाबाद 29), (रवींद्र जडेजा 25), मयंक अग्रवाल (22), विराट कोहली (21), मोहम्मद शमी (13) केएल राहुल (12) और श्रेयस अय्यर ने 2 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जाम्पा ने चार, जोश हेजलवुड ने तीन और मिशेल स्टार्क ने एक विकेट हासिल किया।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 374 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान आरोन फिंच (114) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। साथ ही स्टीव स्मिथ (105) ने शानदार बल्लेबाजी की। इन दोनों के अलावा डेविड वॉर्नर (69), ग्लेन मैक्सवेल (45), मार्कस स्टोइनिस (0), एलेक्स कैरी (नाबाद 17) और पैट कमिंस ने नाबाद 1 रन बनाया। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने तीन वहीं जसप्रीत बुमराह, नवदीप सैन और युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट झटका।
आखिरी 5 ओवर में भारत ने बनाए 35 रन
आखिरी 5 ओवरों में भारत को जीत के लिए 102 रन की दरकार थी। हालांकि, टीम सिर्फ 35 रन ही जोड़ पाई। भारत ने इस दौरान रवींद्र जडेजा (25) और मोहम्मद शमी (13) के रूप में दो विकेट भी गंवाए। वहीं, नवदीप सैनी (29*) और जसप्रीत बुमार (0*) नाबाद पवेलियन लौटे।
45 ओवर के बाद भारत ने बनाए 273 रन
6 विकेट गिरने के बाद रवींद्र जडेजा (18*) और नवदीप सैनी (15) क्रीज पर हैं। दोनों ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का संभलकर सामना कर रहे हैं। 45 ओवर का खेल पूरा हो गया है और भारत ने स्कोर बनाए 273 रन बना लिए हैं।
पहले वनडे शतक से चूके हार्दिक पांड्या
भारत को छठा झटका हार्दिक पांड्या के रूप में लगा। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन वह अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ने से चूक गए। उन्होंने 76 गेंदों में 90 रन की पारी खेली। उन्होंने 7 चौके और 4 छक्के लगाए। उन्हें जाम्पा ने 39वें ओवर की पाचंवी गेंद पर पवेलियन भेजा। उन्होंने छक्का मारने के प्रयास में लॉन्ग-ऑन पर स्टार्क को कैच थमाया। उनका विकेट 247 के कुल स्कोर पर गिरा।
धवन को जाम्पा ने पवेलियन की राह दिखाई
भारत का पांचवां विकेट शिखर धवन के रूप में गिरा। उन्होंने टिककर अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 86 गेंदों में 10 चौकों के जरिए 74 रन बनाए। लग रहा था कि वह शतक पूरा कर लेंगे, लेकिन 35वें ओवर की तीसरी गेंद पर एडम जाम्पा का शिकार बन गए। धवन ने बड़ा शॉट मारने कोशिश में मिड-ऑफ पर मिशेल स्टार्क को कैच दे दिया। उनका विकेट 229 के कुल स्कोर पर गिरा। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए हार्दिक पांड्या के साथ 128 रन की पार्टनरशिप की।
भारतीय टीम का करंट रन रेट 6.81
भारतीय टीम 32 ओवर खेल चुकी है। शिखर धवन और हार्दिक पांड्या बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ने मजबूती से मोर्चा संभाला हुआ है। 32 ओवर के बाद भारतीय टीम का करंट रन रेट 6.81 है। वहीं, टीम का रिक्वायर्ड रन रेट 8.72 है।
धवन-पांड्या के बीच शतकीय साझेदारी
शिखर धवन (58*) और हार्दिक पांड्या (69*) ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की नाक में दम कर रखा है। दोनों पांचवें विकेट के लिए अभी तक 100 रन की साझेदारी कर चुके हैं। धवन और पांड्या ने 94 गेंदों में 100 रन जोड़े। इस शतकीय साझेदारी के पूरे होते ही भारतीय टीम 200 रन के पार पहुंच गई है। 29 ओवर के बाद भारत का स्कोर 201/4 है।
शिखर धवन ने जमाया अर्धशतक
हार्दिद पांड्या के बाद सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने भी अर्धशतक जमाया। उन्होंने चौका जड़कर अपनी फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 55 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 50 रन बनाए। धवन के वनडे करियर का यह 30वां पचासा है। 25वें ओवर के बाद भारत का स्कोर 180/4 है।
हार्दिक ने ताबड़तोड़ फिफ्टी जड़ी
छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए हार्दिक पांड्या ने ताबड़तोड़ फिफ्टी जड़ी। उन्होंने खुलकर खेलते हुए 31 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया। उन्होंने इस दौरान 3 चौके और 4 शानदार छक्के मारे। पांड्या के वनडे करियर का यह पांचवां अर्धशतक है।
150 रन के पार भारतीय टीम
लड़खड़ाने के बाद भारतीय टीम ने 150 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। शिखर धवन (45*) और हार्दिक पांड्या (34*) ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का डटकर सामना कर रहे हैं। दोनों पांचवें विकेट के लिए 50 रन से अधिक की साझेदारी कर चुके हैं। 22 ओवर के बाद भारत का स्कोर 151/4 है।
18 ओवर के बाद टीम इंडिया खस्ताहाल
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (36*) और हार्दिक पांड्या (21*) क्रीज पर हैं। धवन जहां संभलकर खेल रहे हैं वहीं पांड्या तेजी से रन बनाने की कोशिश में जुटे हैं। 18 ओवर का खेल पूरो हो गया है, जिसके बाद भारतीय टीम का स्कोर 128-4 है।
नहीं चला केएल राहुल का बल्ला
भारत को चौथा झटका केएल राहुल के तौर पर लगा। तीन विकेट खोने के बाद टीम को राहुल से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह टिककर रन नहीं बना पाए। उन्होंने 15 गेंदों में महज 12 रन बनाकर अपना विकेट गंवा दिया। उन्होंने एक चौका मारा। वह 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर एडम जाम्पा का शिकार बने। राहुल गलत शॉट खेलकर स्टीव स्मिथ के हाथों कैच हो गए। उनका विकेट 101 के कुल स्कोर पर गिरा।
भारतीय टीम ने पूरा किया सैंकड़ा
भारतीय टीम ने सैकड़ा पूरा कर लिया है। भारत ने 13.1 ओवर में अपना 100 रन बनाए। टीम को इस दौरान 13 अतिरिक्त रन मिले। मेहमान टीम ने पचासा 26 गेंदों में बनाया था लेकिन अगले 50 रन बनाने के लिए उसे 54 गेंदें खेलनी पड़ीं।
एक ही ओवर में आउट हुए कोहली-अय्यर
तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने 10वें ओवर में भारत को दो झटके दिए। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर विराट कोहली और पांचवीं गेंद पर श्रेयस अय्यर को अपना शिकार बनाया। कोहली को सातवें ओवर में एक जीवनदान मिला था, मगर वह फाएदा नहीं उठा पाए। उन्होंने 21 गेंदों में 21 रन बनाए। उन्होंने पारी में 2 चौके और 1 छक्का जड़ा। उन्होंने आरोन फिंच को मिडविकेट पर कैच थमाया। वहीं, अय्यर दो गेंदों में रन ही बना सके। उन्होंने विकेट के पीछे एलेक्स कैरी को कैच दे दिया। उनका विकेट 80 के कुल स्कोर पर गिरा।
बड़ी पारी नहीं खेल पाए मयंक अग्रवाल
भारत का पहला विकेट मयंक अग्रवाल के रूप में गिरा। उन्होंने कई शानदार शॉट लगाए, लेकिन वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्हें जोश हेजलवुड ने छठे ओवर की दूसरी गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल के हाथों लपकवाया। उन्होंने 18 गेंदों में 22 रन बनाए। उन्होंने 2 चौके और 1 छक्का जमाया। मयंक ने शिखर धवन के साथ पहले विकेट के लिए 53 रन की पार्टनरशिप की।
5 ओवर में 50 रन के पार भारत
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम तेज बल्लेबाजी कर रही है। भारत ने शुरुआती 5 ओवरों में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का डटकर सामने किया और 53 रन जुटा लिए। भारतीय सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल 22 और शिखर धवन 21 रन बनाकर खेल रहे हैं। टीम को 10 रन अतिरिक्त के मिले। #Dhawan #Mayank
लक्ष्य का पीछा करने आए मयंक-धवन
भारत की ओर से लक्ष्य का पीछा करने के लिए मयंक अग्रवाल और शिखर धवन आए हैं। मयंक को वनडे में रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में पारी की शुरुआत करने का मौका दिया गया है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिशेल स्टार्क ने गेंदबाज की अगुवाई की। उन्होंने पारी के पहले ओवर में 20 रन खर्च डाले। उन्होंने ओवर में 8 अतिरिक्त के रन दिए और एक नो बॉल फेंकी।
भारत को मिला 375 रन का विशाल लक्ष्य
ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 375 रन का विशाल लक्ष्य दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 374 रन का स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान आरोन फिंच (114) और स्टीव स्मिथ (101) ने शानदार बल्लेबाजी की। डेविड वॉर्नर (69) और ग्लेन मैक्सवेल (45) ने भी अहम योगदान दिया। वहीं, एलेक्स कैरी 17 और पैट कमिंस 1 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की तरफ से तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने तीन जबकि जसप्रीत बुमराह, नवदीप सैन और युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट चटकाया।
स्टीव स्मिथ ने खेली तूफानी शतकीय पारी
ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका स्टीव स्मिथ के रूप में लगा। वह तूफानी शतकीय पारी खेलकर पवेलियन लौटे। स्मिथ ने आखिर तक मोर्चा संभाले रखा और विशाल स्कोर खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 66 गेंदों में 11 चौकों और 4 छक्कों के दम पर 105 रन की पारी खेली। उनके वनडे करियर का यह 10वां शतक है। स्मिथ को मोहम्मद शमी ने 50वें और आखिरी ओवर की ओवर की तीसरी गेंद पर बोल्ड किया। उनका विकेट 372 के कुल स्को पर गिरा।
48 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 354/5
अच्छी शुरुआत के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम मजबूत स्कोर खड़ा करने की ओर बढ़ रही है। दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (95*) तेजी से रन बटोरे रहे हैं। अब सिर्फ 2 ओवरों का खेल बाकी है। 48 ओवरों का खेल पूरा होने के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 354/5 है।
मार्नस लाबुशेन ने सस्ते में गंवाया विकेट
ग्लेन मैक्सवेल के पवेलियन लौटने पर बल्लेबाजी के लिए आए मार्नस लाबुशेन सस्ते में आउट हो गए। उन्हें नवदीप सैनी ने अपना शिकार बनाया। लाबुशेन ने 46वें ओवर की दूसरी गेंद पर उठाकर शॉट खेल दिया और लॉन्ग ऑफ पर शिखर धवन ने आसान कैच पकड़ लिया। उन्होंने 2 गेंदों में 2 रन बनाए।
अर्धशतक से चूके ग्लेन मैक्सवेल
भारत को चौथी सफलता ग्लेन मैक्सवेल के तौर पर मिली। पांचवें नंबर पर खेलने आए मैक्सेवल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। हालांकि, वह अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 19 गेंदों में 45 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 5 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्हें मोहम्मद शमी ने 45वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट किया। वह बड़ा शॉट जड़ने की फिराक में लॉन्ग ऑन पर रवींद्र जडेजा के हाथों लपके गए। उनका विकेट 328 के कुल स्कोर पर गिरा।
बिना खाता खोले आउट हुए स्टोइनिस
फिंच के जाने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे मार्कस स्टोइनिस बिना खाता खोले हीॉ अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें युजवेंद्र चहल ने 41वें ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन चलता किया। स्टोइनिस भी विकेट के पीछे ही केएल राहुल के हाथों कैच आउट हुए। उनका विकेट 271 के कुल स्कोर पर गिरा।
कप्तान आरोन फिंच ने खेली शतकीय पारी
ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट कप्तान आरोन फिंच के रूप में गिरा। उन्होंने मैच में शानदार बैटिंग की और शतकीय पारी खेली। उन्होंने 124 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों के जरिए 114 रन बनाए। फिंच का यह 17वां वनडे शतक है। उन्हें 40वें ओवर की आखिरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने पवेलियन की राह दिखाई। फिंच ने बड़ा शॉट जमाने के चक्कर में विकेटकीपर केएल राहुल को कैच थमा दिया। उन्होंने वॉर्नर के बाद स्टीव स्मिथ के साथ भी अहम पार्टनरशिप की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 108 रन जोड़े।
स्टीव स्मिथ ने मारी फिफ्टी
दूसरे नंबर पर बैटिंग के लिए आए स्टीव स्मिथ ने फिफ्टी बना ली है। उन्होंने 38 गेंदों में अपना पचासा जड़ा। उन्होंंने इस दौरान 8 चौके लगाए। वॉर्नर के आउट होने के बाद स्मिथ कप्तान फिंच का बखूबी साथ दे रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 38 ओवर में 238/1 पर पहुंच गया है।
ऑस्ट्रेलिया ने छुआ 200 का आंकड़ा
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 200 रन का आंकड़ा छू लिया है। टीम ने 33.2 ओवर में 220 रन बनाए और इस दौरान 16 रन अतिरिक्त के मिले। मेजबान टीम ने सैकड़ा 114 गेंदों में पूरा किया था और उसने अगले 100 रन बनाने के लिए 88 गेंदें खेली। फिंच 92* और स्मिथ 23* निजी स्कोर पर हैं।
30 ओवरों का खेल हुआ पूरा
डेविड वॉर्नर के आउट होने के बाद दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ आए हैं। स्मिथ 4 और फिंच 81 रन बनाकर खेल रहे हैं। 30 ओवरों का खेल समाप्त हो चुका है, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 169-1 है।
डेविड वॉर्नर ने खेली 69 रन की पारी
ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका डेविड वॉर्नर के रूप में लगा। उन्हें पर मोहम्मद शमी ने अपना शिकार बनाया। वह 28वें ओवर की पांचवीं गेंद पर गलत शॉट खेल बैठे और विकेट के पीछे केएल राहुल के हाथों लपके गए। पारी का आगाज करने आए वॉर्नर ने 76 गेंदों में 69 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके मारे। उन्होंने आरोन फिंच के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियाई टीम को दमदारर शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 156 रन की साझेदारी की।
25 ओवरों में ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 137 रन
वॉर्नर और फिंच के सामने भारतीय गेंदबाजों को संघर्ष करना पड़ रहा है। दोनों अभी भी क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 25 ओवरों का खेल होने के बाद 137 रन पर पहुंच गया है।
डेविड वॉर्नर ने भी जड़ी फिफ्टी
आरोन फिंच के बाद सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने भी फिफ्टी जड़ दी है। उन्होंने 23वें ओवर में जाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 54 गेंदों में 4 चौकों की बदौलत 50 रन बनाए। वॉर्नर के वनडे करियर का यह 22वां अर्धशतक है।
कप्तान आरोन फिंच ने जड़ा अर्धशतक
टिककर बल्लेबाजी कर रहे कप्तान आरोन फिंच ने अर्धशतक जमा दिया है। उन्होंने 69 गेंदों में 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से पचासा बनाया। फिंच के वनडे करियर की यह 28वां अर्धतक है। 20 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 103/0 है।
भारतीय टीम को विकेट की तलाश
ऑस्ट्रेलियाई सलामी जोड़ी वॉर्नर (35*) और फिंच (39*)ने क्रीज पर पैर जमा लिए हैं। दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय खेमे को खुश होने का कोई मौका नहीं दिया है। 15 ओवर के खेल हो चुका है और भारतीय टीम को पहले विकेट की तलाश है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 81/0 है।
तेज गेंदबाजों के बाद चहल को मिला ओवर
विराट कोहली ने शमी, बुमराह और सैनी को 11वें ओवर तक आजमाने के बाद स्पिनर को लाने का फैसला किया। उन्होंने 12वें ओवर में स्पिनर युजवेंद्र चहल को गेंद थमाई। चहल ने इस ओवर में वाइड समेत दो रन दिए।
50 रन के पार पहुंची ऑस्ट्रेलिया
डेविड वॉर्नर (20*) और आरोन फिंच (29*) टिककर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों शुरुआत में रन बनाने के लिए जूझते नजर आए, लेकिन फिर क्रीज पर जम गए। 10 ओवरों का खेल पूरा पर कंगारू टीम का स्कोर 51/0 है। इस बीच फिंच ने अपने वनडे करियर में 5 हजार रन का आंकड़ा भी छू लिया।
नवदीप सैनी को मिला गेंदबाजी का मौका
6 ओवर के बाद भारतीय कप्तान ने गेंदबाजी में बदलाव किया। शमी और बुमराज की जगह तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने 7वां ओवर फेंका। उन्होंने ओवर में 5 रन दिए। 7 ओवरों में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 37/0 है।
पांच ओवरों में भारत ने कसा शिकंजा
भारतीय गेंदबाज शुरुआती पांच ओवर में सलामी बल्लेबाज डेविड डेविड वॉर्नर और आरोन फिंच पर शिकंजा कसने में कामयाब रहे। मोहम्मद शमी और जसप्रीत की गेंदों पर दोनों बल्लेबाज खुलकर शॉट नहीं खेल पाए। शमी ने तीन और बुमराह ने दो ओवर डाले। 5 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना विकेट गंवाए 27 रन है। वॉर्नर 13 और फिंच 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। टीम को दो रन अतिरिक्त के मिले।
शमी ने संभाली गेंदबाजी कमान
ऑस्ट्रेलिया की ओर से पारी का आगाज करने डेविड वॉर्नर और आरोन फिंच आए। वहीं, भारत की तरफ से गेंदबाजी की कमान तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने संभाली। उन्होंने पहले ओवर में सिर्फ 1 रन दिया।
नई जर्सी में मैदान पर उतरी भारतीय टीम
भारतीय खिलाड़ी नई जर्सी में मैदान पर उतरे हैं। भारतीय टीम की नई जर्सी का रंग नेवी ब्लू है और उसका लोअर भी इसी रंग का है। टीम इंडिया इसी रंग की जर्सी 1992 विश्व कप में पहनती थी।
टॉस के बाद क्या बोले फिंच और कोहली
मैच में टॉस के बाद ऑस्ट्रेलिया के कप्तान आरोन फिंच ने कहा कि अपने देश में क्रिकेट को वापस आता देखकर वह खुश हैं। खासतौर पर दर्शकों के सामने खेलना शानदार अनुभव होगा। वहीं, भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि उनकी टीम को एक इकाई के तौर पर अच्छा खेलना होगा और मोमेंटम बनाना होगा क्योंकि यह आने वाले मैचों के लिए काफी अहम होगा।
भारत-ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, मयंक अग्रवाल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और नवदीप सैनी।
ऑस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क , एडम जाम्पा और जोश हेजलवुड।
।
अभी तक ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अभी तक कुल 145 वनडे मैच खेले गए हैं। इन मुकाबलों में से 78 ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम किए और भारत 52 मैच जीतने में कामयाब रहा। इसके अलावा दोनों 15 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर रिकॉर्ड अब तक अच्छा नहीं रहा है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया में 51 वनडे में से महज 13 मैच में विजय हासिल की है जबकि 36 मैचों में कंगारू टीम ने बाजी मारी। साथ ही दो मैच बेनतीजा रहे।
रोहित के बिना खेलेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम को सीमित ओवरों की सीरीज में ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा की कमी खलेगी। पैर की मांसपेशियों में चोट से उबर रहे रोहित बेंगलुरू की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने रोहित की चोट पर अपने असंतोष को नहीं छिपाते हुए कहा कि ‘भ्रम की स्थिति और स्पष्टता की कमी’ के कारण टीम प्रबंधन को उनकी उपलब्धता को लेकर ‘इंतजार’ करना पड़ रहा है जो आदर्श स्थिति नहीं है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले पहले वनडे से पूर्व कोहली ने कहा कि इस महीने की शुरुआत में हुई चयन समिति की बैठक से पहले रोहित को अनुपलब्ध बताया गया था।

