जब बलबीर सिंह सीनियर ने धोनी से कहा- 'आपकी जीत से मेरी सेहत बेहतर होती है'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 26, 2020, 04:28 PM IST

Balbir Singh Senior and MS Dhoni's conversation: भारतीय हॉकी टीम के पूर्व महान खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन के बाद महेंद्र सिंह धोनी से उनकी एक छोटी सी पुरानी बातचीत चर्चा में है।

जब बलबीर सिंह सीनियर ने धोनी से कहा- 'आपकी जीत से मेरी सेहत बेहतर होती है'

चंडीगढ़: सोमवार को भारतीय खेल जगत शोक में डूब गया। भारत के महान पूर्व हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर का 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया। ओलंपिक में तीन स्वर्ण पदक जीत चुके इस पूर्व महान खिलाड़ी से जुड़े कई किस्से लोगों के सामने आए हैं और अब उनकी लोगों के साथ कुछ दिलचस्प बातें भी सामने निकलकर आ रही हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ उनकी एक बातचीत भी बेहद दिलचस्प थी।

बेशक बलबीर सिंह सीनियर हॉकी के दीवाने थे लेकिन क्रिकेट से वो दूर नहीं रहे। उन्हें क्रिकेट देखना भी पसंद था। एक बार जब उनकी मुलाकात भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से हुई थी तो उन्होंने धोनी से कहा था कि आपकी जीत से मेरी सेहत बेहतर होती है।

चार साल पहले की वो मुलाकात

धोनी के साथ उनकी मुलाकात चार साल पहले हुई थी जब भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने विश्व टी20 मुकाबले से पहले मोहाली के पीसीए स्टेडियम में थी। बलबीर सीनियर मैच से पहले भारतीय टीम को शुभकामनाएं देना चाहते थे। धोनी ने उन्हें धन्यवाद दिया और उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा जिस पर इस दिग्गज ने हंसते हुए जवाब दिया था, ‘आपकी जीत से मेरी सेहत बेहतर होती है।’

'मैं टीम को तीसरा विश्व कप देखना चाहता हूं'

ओलंपिक में खुद तीन गोल्ड मेडल जीतने वाले बलबीर सिंह सीनियर भारतीय क्रिकेट टीम से चाहते थे कि वे भी तीसरा विश्व कप जीते, जब वे टी20 विश्व कप में खेल रहे थे। उस समय वो 92 बरस के थे, उन्होंने कहा था कि, ‘मैं टीम को तीसरा विश्व खिताब जीतने और स्वर्णिम हैट्रिक पूरी करने की शुभकामना देने आया हूं।’ भारत ने तब आस्ट्रेलिया को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी लेकिन इसके बाद सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से हार गई थी। गौरतलब है कि भारत ने धोनी की अगुआई में 2007 में विश्व टी20 और 2011 में 50 ओवर का विश्व कप जीता था।

महान बलबीर जी

बलबीर सिंह सीनियर स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याओं से जूझ रहे थे और दो हफ्तों से अधिक समय तक उन्हें जीवन रक्षा प्रणाली पर रखा गया था। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईसीसी) ने आधुनिक ओलंपिक इतिहास के जिन 16 महान खिलाड़ियों का चयन किया था उसमें बलबीर सीनियर एकमात्र भारतीय थे। ओलंपिक के पुरुष हॉकी फाइनल में किसी खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक गोल दागने का रिकॉर्ड अब भी उनके नाम दर्ज है। उन्होंने 1952 हेलसिंकी ओलंपिक खेलों के पुरुष हॉकी फाइनल में नीदरलैंड पर भारत की 6-1 की जीत में पांच गोल किए थे। बलबीर सिंह सीनियर को 1957 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया और वह 1975 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के मैनेजर भी रहे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!