IPL 2022: 'अपने बजाए मैं उसके बारे में सोचूंगा', विराट कोहली ने बताया ट्रॉफी जीतने पर सबसे पहले किसे याद करेंगे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 29, 2022, 05:38 PM IST

Virat Kohli on AB de Villiers: विराट कोहली ने उस खिलाड़ी के नाम का खुलासा किया है, जिसे वह आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद सबसे पहले याद करेंगे।

IPL 2022: 'अपने बजाए मैं उसके बारे में सोचूंगा', विराट कोहली ने बताया ट्रॉफी जीतने पर सबसे पहले किसे याद करेंगे

मुंबई: विराट कोहली को लगता है कि यदि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) आगामी सत्र में कभी आईपीएल का खिताब जीतता है तो उनके दिमाग में जिस पहले व्यक्ति का नाम आएगा वह एबी डिविलियर्स होंगे जिनके लिये यह काफी मायने रखेगा। समकालीन क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाजों में से एक डिविलियर्स ने पिछले साल नवंबर में खेल के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था। उन्होंने 2011 से लेकर आरसीबी के साथ 11 सत्र बिताये थे।

'अपने बजाए मैं उसके बारे में सोचूंगा।'

पिछले सत्र के बाद कप्तानी छोड़ने वाले कोहली ने ‘आरसीबी बोल्ड डायरीज’ में कहा, 'एक दिन मैं सोच रहा था कि आगामी सत्रों में यदि हम खिताब जीतते हैं तो सबसे पहले मैं उसके (डिविलियर्स) बारे में सोचकर बहुत भावुक हो जाऊंगा।' उन्होंने कहा, 'इतने वर्षों तक इतनी कड़ी मेहनत के बाद अपने बजाए मैं वास्तव में उसके बारे में सोचूंगा।' कोहली ने कहा, 'यह तब भी उसके लिये काफी मायने रखेगा भले ही वह घर में बैठकर मैच देख रहा हो। वह विशेष इंसान है, क्योंकि उसने सभी के दिलों को छुआ है और हम सभी इसके गवाह हैं।'

'वाइस नोट बेहद भावुक करने वाला था'

कोहली ने खुलासा किया कि उन्हें पिछले आईपीएल के दौरान अहसास हुआ था कि डिविलियर्स संन्यास लेने वाले हैं। उन्होंने कहा, 'यह बहुत अजीब है मेरा मतलब है कि मुझे अच्छी तरह से याद है जब उसने संन्यास का फैसला किया तो उसने मुझे एक जुबानी संदेश (वाइस नोट) भेजा। तब हम विश्व कप के बाद दुबई से वापस आ रहे थे।' कोहली ने कहा, 'मुझे पिछले आईपीएल के दौरान अहसास हो गया था। हमारे कमरे आसपास थे। हम जब भी अपने कमरों में जाते वह मुझे देखता था। यह अजीब अहसास था। मैं भावुक हो गया था। उसका ‘वाइस नोट’ बेहद भावुक करने वाला था।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!