IND vs AUS 3rd ODI: सचिन तेंदुलकर के इस रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ 23 रन दूर विराट कोहली

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 1, 2020, 10:05 PM IST

भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें जब बुधवार को तीसरा वनडे खेलने उतरेंगी तो भारतीय कप्तान विराट कोहली एक बड़े और खास रिकॉर्ड से सिर्फ 23 रन दूर होंगे। ये रिकॉर्ड होगा महान सचिन तेंदुलकर का।

IND vs AUS 3rd ODI: सचिन तेंदुलकर के इस रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ 23 रन दूर विराट कोहली
Photo Credit: PTI

Virat Kohli vs Sachin Tendulkar: बुधवार को जब भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें कैनबरा में वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला खेलने उतरेंगी, तब भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी। वैसे तो टीम इंडिया पहले दो वनडे मैच हारकर सीरीज गंवा चुकी है लेकिन फिर भी कुछ आंकड़े भारतीय फैंस को आकर्षित करेंगे। विराट कोहली एक खास रिकॉर्ड से बस 23 रन दूर हैं और ये रिकॉर्ड किसी और का नहीं बल्कि महान पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का है।

मनुका ओवल (कैनबरा) में खेले जाने वाले इस तीसरे वनडे मैच में अगर विराट कोहली 23 रन बनाने में सफल रहे तो वो वनडे क्रिकेट में 12000 रन पूरे कर लेंगे। वो सिर्फ इस आंकड़े तक नहीं पहुंचेंगे बल्कि मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का सबसे तेज 12 हजारी बनने का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे।

फिलहाल ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है जिन्होंने 309 वनडे मैचों की 300 पारियों में 12000 रन बनाए थे और अब तक उनसे जल्दी ये कमाल किसी ने नहीं किया है। विराट कोहली की बात करें तो वो अब तक 250 वनडे मैचों में 11,977 रन बना चुके हैं। अगर वो तीसरे वनडे में 12 हजारी बने तो सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे।

वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 12 हजारी बनने वाले खिलाड़ी

1. सचिन तेंदुलकर (भारत) - 309 मैचों की 300 पारियों में

2. रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 323 मैचों की 314 पारियों में

3. कुमार संगकारा (श्रीलंका) - 359 मैचों की 336 पारियों में

4. सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) - 390 मैचों की 379 पारियों में

5. महेला जयवर्धने (श्रीलंका) - 426 मैचों की 399 पारियों में

जैसा कि आप देख सकते हैं कि इस रेस में मौजूद टॉप-5 बल्लेबाजों में कोई भी बल्लेबाज इस समय क्रिकेट नहीं खेल रहा है, सभी रिटायर हो चुके हैं। विराट कोहली जब ये रिकॉर्ड अपने नाम करेंगे तो वो दुनिया के तमाम खिलाड़ियों के लिए इस दीवार को बहुत ऊंचा कर देंगे।

अगर कोहली के फॉर्म की बात करें तो पहले वनडे में तो वो लंबी पारी नहीं खेल पाए लेकिन दूसरे वनडे मैच में कप्तान कोहली ने 89 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि ऑस्ट्रेलियाई टीम दोनों ही मैचों में जीत दर्ज करने में सफल रही। पहले मैच में उन्होंने भारत को 66 रनों से शिकस्त दी जबकि दूसरे वनडे में 51 रनों से मात देते हुए सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!