SL vs AUS: पाथुम निसांका के शतक से श्रीलंका ने ऑस्‍ट्रेलिया को रौंदा, सीरीज में 2-1 की बनाई बढ़त

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 19, 2022, 11:07 PM IST

Sri Lanka beat Australia by 6 wickets in 3rd Odi: पाथुम निसांका और कुसल मेंडिस की उम्‍दा पारियों की बदौलत श्रीलंका ने रविवार को ऑस्‍ट्रेलिया को तीसरे वनडे में 6 विकेट से मात दी। इसी के साथ श्रीलंका ने पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाई।

SL vs AUS: पाथुम निसांका के शतक से श्रीलंका ने ऑस्‍ट्रेलिया को रौंदा, सीरीज में 2-1 की बनाई बढ़त

कोलंबो: पाथुम निसांका (137) और कुसल मेंडिस (87 रन रिटायर्ड हर्ट) की उम्‍दा पारियों की बदौलत श्रीलंका ने रविवार को तीसरे वनडे में ऑस्‍ट्रेलिया को 9 गेंदें शेष रहते हुए 6 विकेट से मात दी। कोलंबो में खेले गए मुकाबले में ऑस्‍ट्रेलिया ने पहले बल्‍लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 291 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 48.3 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल कर लिया। इसी के साथ श्रीलंका ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। सीरीज का चौथा मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा।

पाथुम निसांका का शानदार शतक

292 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को निरोशन डिकवेला (25) और पाथुम निसांका (137) ने 42 रन की साझेदारी करके दमदार शुरुआत दिलाई। मैक्‍सवेल ने डिकवेला को बोल्‍ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। यहां से निसांका को कुसल मेंडिस का अच्‍छा साथ मिला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 170 रन की साझेदारी करके ऑस्‍ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया। मेंडिस को ज्‍यादा तकलीफ हो रही थी तो वो रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। उन्‍होंने 85 गेंदों में 8 चौके की मदद से 87 रन बनाए।

यहां से निसांका ने धनंजय डी सिल्‍वा (25) के साथ श्रीलंका को 250 रन के पार लगाया। हेजलवुड ने अपनी ही गेंद पर सिल्‍वा का कैच पकड़कर श्रीलंका को दूसरा झटका दिया। निसांका ने शानदार शतक जमाकर श्रीलंका को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया था। तब झाय रिचर्डसन ने वॉर्नर के हाथों कैच आउट कराकर निसांका की पारी का अंत किया। पाथुम निसांका ने 147 गेंदों में 11 चौके और दो छक्‍के की मदद से 137 रन बनाए। दासुन शनाका को रिचर्डसन ने खाता भी नहीं खोलने दिया और बोल्‍ड करके श्रीलंका को चौथा झटका दिया।

चरित असलंका ने श्रीलंका की जीत पर मुहर लगाई। ऑस्‍ट्रेलिया की तरफ से झाय रिचर्डसन ने सबसे ज्‍यादा दो विकेट लिए। जोश हेजलवुड और ग्‍लेन मैक्‍सवेल को एक-एक विकेट लिया। 

ऑस्‍ट्रेलिया की पारी का हाल

इससे पहले टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी करने उतरी ऑस्‍ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। डेविड वॉर्नर (9) को चमीरा न थीक्षणा के हाथों कैच आउट कराया। मिचेल मार्श (10) को वेलालगे ने मेंडिस के हाथों कैच आउट कराया। यहां से कप्‍तान आरोन फिंच (62) और मार्नस लाबुशेन (29) ने तीसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी करके कंगारू टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। वांडरसे ने लाबुशेन को स्‍टंपिंग कराकर इस साझेदारी को तोड़ा।

स्‍कोर में 5 रन का इजाफा हुआ था कि वांडरसे ने फिंच को डी सिल्‍वा के हाथों कैच आउट कराकर श्रीलंका की वापसी कराई। फिंच ने 85 गेंदों में चार चौके और एक छक्‍के की मदद से 62 रन बनाए। यहां से एलेक्‍स कैरी (49) और ट्रेविस हेड (70*) ने पांचवें विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी करके ऑस्‍ट्रेलिया की वापसी कराई। डी सिल्‍वा ने कैरी को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट किया और उन्‍हें अर्धशतक पूरा करने से रोका। यहां से ग्‍लेन मैक्‍सवेल (33) ने हेड के साथ छठे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी करके कंगारू टीम को 200 रन के पार पहुंचाया।

ग्‍लेन मैक्‍सवेल को वांडरसे ने वेलालगे के हाथों कैच आउट कराकर अपना तीसरा शिकार किया। ट्रेविस हेड ने एक छोर से शानदार बल्‍लेबाजी करके ऑस्‍ट्रेलिया को 291 रन के चुनौतीपूर्ण स्‍कोर तक पहुंचाया। हेड ने 65 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्‍के की मदद से नाबाद 70 रन बनाए।  श्रीलंका की तरफ से जेफ्री वांडरसे ने सबसे ज्‍यादा तीन विकेट लिए। दुष्‍मंथ चमीरा, दुनिथ वेलालगे और धनंजय डी सिल्‍वा के खाते में एक-एक विकेट आया। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!