Shane Warne death news: जानिए महान शेन वॉर्न के करियर व जिंदगी से जुड़ी 10 खास बातें

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 4, 2022, 08:26 PM IST

Shane Warne death news: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज पूर्व क्रिकेटर शेन वॉर्न का 52 वर्ष की आयु में शुक्रवार को निधन हो गया। उनको दिल का दौरा पड़ा था। शेन वॉर्न के अद्भुत करियर से जुड़ी कुछ खास बातें।

Shane Warne death news: जानिए महान शेन वॉर्न के करियर व जिंदगी से जुड़ी 10 खास बातें
Photo Credit: Twitter

Shane Warne Death: क्रिकेट जगत में बहुत से खिलाड़ी हुए लेकिन कुछ ही ऐसे खिलाड़ी हुए जिन्होंने विवादों के बावजूद अपने करियर को शीर्ष तक पहुंचाया और अंत तक लोगों ने उनके जादुई हुनर व सफलताओं के लिए उन्हें सम्मान दिया। शेन वॉर्न उन्हीं में से एक थे। शुक्रवार को थाईलैंड में अपने विला में शेन वॉर्न का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। एक बेहतरीन लेग स्पिनर जिसने क्रिकेट को बहुत कुछ दिया। आइए जानते हैं उनके जीवन से जुड़ी 10 अहम बातें।

  • शेन वॉर्न का जन्म ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में 13 सितंबर 1969 को हुआ था। उनकी मां जर्मन थीं।
  • इस महान क्रिकेटर की एक आंख नीली थी और एक आंख हरी। दरअसल ऐसा हीट्रोक्रोमिया की वजह से था, जिसमें दोनों आंखों का रंग एक सा नहीं रहता।
  • साल 1983 में वॉर्न क्रिकेट के मैदान पर पहली बार पहचान बनाने उतरे जब मेलबर्न विश्व विद्यालय की ओर से उनको खेलने का मौका मिला। शुरुआत में वो लेग ्स्पिन और ऑफ स्पिन के मिश्रण के साथ गेंदबाजी करते थे।
  • उन्होंने 1992 में अपने टेस्ट करियर का आगाज भारत के खिलाफ किया था। जबकि वनडे क्रिकेट में 24 मार्च 1993 को न्यूजीलैंड के खिलाफ डेब्यू किया।
  • वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मुथैया मुरलीथरन के अलावा 1000 विकेट लेने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। शेन वॉर्न ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी प्रारूपों को मिलाकर 1001 विकेट झटके थे।
  • साल 2013 में शेन वॉर्न को आईसीसी क्रिकेट हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था जबकि उसके पिछले साल यानी 2012 में उनको क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी अपने हॉल ऑफ फेम में जगह दी थी।
  • शेन वॉर्न को शताब्दी की सर्वश्रेष्ठ गेंद फेंकने का गौरव भी हासिल है। उन्होंने इंग्लैंड के माइक गेटिंग को एशेज सीरीज के दौरान एक अद्भुत गेंद पर आउट किया था जिसे आज भी सर्वश्रेष्ठ गेंद माना जाता है।
  • शेन वॉर्न गरीब व जरूरतमंद बच्चों के लिए एक चैरिटी फाउंडेशन भी चलाते थे जिसके लिए आए दिन वो किसी ना किसी इवेंट के जरिए पैसे जुटाया करते थे। उनकी संस्था का नाम शेन वॉर्न फाउंडेशन था।
  • इस महान क्रिकेटर का उनकी जिंदगी में कई लड़कियों के साथ नाम जुड़ा। जहां तक शादी की बात है तो उन्होंने सिमोन कैलेहान के साथ 1995 में शादी की और 2005 में दोनों अलग भी हो गए। इसके बाद उनके जिस रिश्ते की सबसे ज्यादा चर्चा हुई, वो था हॉलीवुड अभिनेत्री लिज हर्ले के साथ, दोनों की सगाई भी हो गई थी लेकिन ये रिश्ता भी खत्म हो गया।
  • शेन वॉर्न को वनडे विश्व कप ट्रॉफी जीतने का गौरव हासिल हुआ, जबकि आईपीएल का पहला खिताब जीतने वाले कप्तान भी शेन वॉर्न ही थे जब उनकी अगुवाई में राजस्थान रॉयल्स ने 2008 का खिताब जीता था। उसके बाद वो लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स के कोच व मेंटोर के रूप में भी जुड़े रहे।
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!