'अगर इन दोनों में से कोई टिकता तो...' राजस्थान के खिलाफ शिकस्त के बाद कप्तान रोहित ने बताई सबसे बड़ी कसक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 2, 2022, 10:15 PM IST

Rohit Sharma on Mumbai Indians vs Rajasthan Royals Match: मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 23 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी। हार के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे बड़ी कसक बताई।

'अगर इन दोनों में से कोई टिकता तो...' राजस्थान के खिलाफ शिकस्त के बाद कप्तान रोहित ने बताई सबसे बड़ी कसक

नवी मुंबई: मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा का मानना है कि उनकी टीम को राजस्थान रायल्स के खिलाफ शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग में अच्छे विकेट पर 194 रन का लक्ष्य हासिल करना चाहिए था। मुंबई की टीम को 23 रन से हार का सामना करना पड़ा और इस दौरान चोटिल सीनियर बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव की कमी साफ खली। रोहित ने हालांकि कहा कि जब तक यह बल्लेबाज हाथ की चोट से पूरी तरह नहीं उबर जाता तब तक वह उसे खिलाकर जोखिम नहीं लेंगे।

'हमने उसे आउट करने का प्रयास किया'

रोहित ने मैच के बाद कहा, 'मुझे लगता है कि उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 193 रन बनाए। बटलर (100) ने शानदार पारी खेली, हमने उसे आउट करने का हर संभव प्रयास किया। लेकिन मुझे लगता है कि इस पिच पर 193 रन के खिलाफ जीत दर्ज की जानी चाहिए थी, विशेषकर जब आपको सात ओवर में 70 रन की जरूरत हो। लेकिन इस तरह की चीजें होती हैं और अभी टूर्नामेंट का शुरुआती समय है। हम सीख सकते हैं।'

'दोनों में से कोई टिकता तो अंतर पैदा होता' 

रोहित ने मैच के सकारात्मक पक्षों पर कहा, 'बुमराह ने अच्छी गेंदबाजी की। मिल्स ने भी। और तिलक वर्मा (61) ने शानदार बल्लेबाजी की। इशान किशन (54) की बल्लेबाजी बेहतरीन थी। मुझे लगता है कि अगर इन दोनों में से कोई अंत तक बल्लेबाजी करता तो अंतर पैदा होता।' कप्तान ने हालांकि अगले मैच में सूर्यकुमार के उपलब्ध होने के बारे में कुछ तय नहीं बताया। उन्होंने कहा, 'वह हमारे लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी है। फिट होने पर वह सीधे टीम में आएगा लेकिन हम चाहते हैं कि वह अंगुली की चोट से पूरी तरह उबर जाए।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!