रवि शास्‍त्री नहीं चाहते टीम इंडिया के साथ काम करना, T20 World Cup के बाद बड़ा बदलाव होगा : रिपोर्ट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 11, 2021, 11:03 AM IST

Ravi Shastri to leave Team India: टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्‍त्री नहीं चाहते कि 2021 टी20 विश्‍व कप के बाद उनका अनुबंध आगे बढ़ाया जाए। 2021 विश्‍व कप के बाद बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

रवि शास्‍त्री नहीं चाहते टीम इंडिया के साथ काम करना, T20 World Cup के बाद बड़ा बदलाव होगा : रिपोर्ट

नई दिल्‍ली: इस साल यूएई में होने वाले टी20 विश्‍व कप 2021 के बाद भारतीय टीम के कोचिंग और सपोर्ट स्‍टाफ में बड़ा बदलाव आने वाला है। भारतीय टीम के हेड कोच रवि शास्‍त्री, बल्‍लेबाजी कोच विक्रम राठौड़, गेंदबाजी कोच भरत अरुण और फील्डिंग कोच आर श्रीधर अक्‍टूबर-नवंबर के बाद राष्‍ट्रीय टीम से अलग हो जाएंगे। 

रिपोर्ट्स हैं कि रवि शास्‍त्री नहीं चाहते कि यूएई में टी20 विश्‍व कप के बाद उनका अनुबंध आगे बढ़ाया जाए। अन्‍य सपोर्ट स्‍टाफ ने भी कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग फ्रेंचाइजियों से शुरूआती स्‍तर पर बातचीत हो रही है। रवि शास्‍त्री 2014 में निदेशक बनकर टीम इंडिया से जुड़े थे और फिर 2017 में उन्‍हें पूर्णकालिक कोच बनाया गया।

टीम इंडिया के लिए नया कोचिंग पैनल चाहता है बीसीसीआई

रवि शास्‍त्री तब आगे आए जब अनिल कुंबले ने कथित तौर पर कप्‍तान विराट कोहली से विवाद के बाद अपने पद से इस्‍तीफा दे दिया था। 2019 में शास्‍त्री को दोबारा भारतीय टीम के कोच पद पर नियुक्‍त किया गया। मगर रिपोर्ट्स पर जाएं तो राष्‍ट्रीय टीम को इस साल के अंत तक नया कोच मिल जाएगा।

इंडियन एक्‍सप्रेस ने रिपोर्ट दी है कि बीसीसीआई भी नए ग्रुप पर ध्‍यान दे रहा है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर राहुल द्रविड़ कोच पद के लिए आवेदन करें तो सबसे आगे उन्‍हीं का नाम होगा। द्रविड़ ने पिछले महीने श्रीलंका दौरे पर हेड कोच की भूमिका निभाई थी। जहां द्रविड़ ने हेड कोच के काम का आनंद उठाया, वहीं वो जानते हैं कि पूर्ण-कालिक कोच बनने पर कितनी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

द्रविड़ के हवाले से कहा गया था, 'मैंने इन लड़कों के साथ काम करने का आनंद उठाया। यह शानदार रहा। मैंने कुछ और नहीं सोचा। पूर्ण कालिक भूमिका निभाने पर कई चुनौतियां होती हैं, इसलिए मुझे नहीं पता।' द्रविड़ को युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए जाना जाता है। बहरहाल, शास्‍त्री के मार्गदर्शन में भारतीय टीम 12 अगस्‍त को लॉर्ड्स में इंग्‍लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्‍ट की तैयारियों में जुटी है। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!