एमएस धोनी सिर्फ 3 लोगों को इंस्‍टाग्राम पर करते हैं फॉलो, वजह बेहद दिलचस्‍प

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 19, 2020, 05:55 PM IST

MS Dhoni Instagram followers and following: एमएस धोनी की सोशल मीडिया पर सक्रियता बेहद कम है, लेकिन उनकी फैन फॉलोइंग जबरदस्‍त है। हालांकि, वह इंस्‍टाग्राम पर केवल तीन लोग को फॉलो करते हैं।

एमएस धोनी सिर्फ 3 लोगों को इंस्‍टाग्राम पर करते हैं फॉलो, वजह बेहद दिलचस्‍प
Photo Credit: PTI

टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान एमएस धोनी ने 15 अगस्‍त को अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट से संन्‍यास लेकर क्रिकेट जगत को भावुक कर दिया था। दर्शकों के सामने एक ऐसा फैसला आया, जिसको वो कभी देखना नहीं चाहते थे। धोनी हमेशा से ही ऐसी खबरें गुपचुप व शांत तरीके से देने में विश्वास रखते आए हैं और इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ।

धोनी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया और इसके साथ एक लाइन में शुक्रिया कहते हुए अपना फैसला सुना दिया। गौरतलब है कि पिछले कुछ सालों से धोनी सोशल मीडिया पर जो थोड़ा बहुत एक्टिव रहे हैं, वो इंस्टाग्राम ही पर रहे। आइए इससे जुड़ी एक खास बात जानते हैं। इंस्टाग्राम पर धोनी को फॉलो करने वालों वालों की तादाद लाखों में हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि खुद धोनी किसको-किसको इंस्टाग्राम पर फॉलो करते हैं?

सिर्फ इन तीन लोगों को करते हैं फॉलो

एमएस धोनी इंस्टाग्राम पर सिर्फ तीन लोगों को फॉलो करते हैं। उनकी पत्नी साक्षी, उनकी छोटी सी बेटी जीवा और तीसरे हैं बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन। माही ने काफी पहले ट्विटर पर सक्रियता खत्म कर दी थी। ट्विटर पर उनका अपना आखिरी ट्वीट इस साल फरवरी में किया था जो कि उनके द्वारा खींची गई एक टाइगर की तस्वीर थी। इंस्टाग्राम पर जीवा का प्रोफाइल बनने और क्रिकेटर्स की धीरे-धीरे इंस्टाग्राम पर सक्रियता बढ़ते देख धोनी भी इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आ गए।

क्या है वो दिलचस्प किस्सा?

जैसा कि आप जानते हैं कि धोनी इंस्टाग्राम पर सिर्फ तीन लोगों को फॉलो करते हैं। इनमें से दो उनके जीवन के सबसे खास लोग हैं- पत्नी और बेटी। लेकिन तीसरा नाम है अमिताभ बच्चन का। धोनी के सबसे अच्छे रिश्ते रहे हैं, टीम में भी और टीम से बाहर भी, तो आखिरी उन्होंने हजारों बाहरी लोगों में सिर्फ और सिर्फ अमिताभ को क्यों चुना?

दरअसल, साल 2011 में विश्व कप जीत को लेकर अमिताभ बच्चन ने धोनी को कई मैसेज किए थे लेकिन धोनी ने किसी का जवाब नहीं दिया था और ना ही वो फोन उठाते थे। जब कुछ समय बाद एक समारोह में दोनों आमने-सामने आए तो बिग बी ने धोनी को बता दिया कि वो जवाब क्यों नहीं देते। धोनी ने कहा कि उनको लगा था कि कोई अमिताभ बनकर उन्हें मैसेज कर रहा होगा, इसलिए नहीं उठाया। उसके बाद से सदी के महानायक को सम्मान देते हुए उन्होंने हमेशा अलग-अलग तरह से खुद को उनके संपर्क में रखा। ताकि कभी दोबारा शिकायत की नौबत ना आए।

फोन से दूर भागते हैं धोनी, जानिए वजह

आजकल के जमाने में मोबाइल फोन एक जरूरत बन चुका है और ज्यादातर लोग इसके आदी हो चुके हैं। लेकिन धोनी इस मामले में भी सबसे अलग हैं। ना तो वो हर समय फोन अपने पास रखते हैं, ना हर किसी का कॉल उठाते हैं और ना ही अपने मैसेज चेक करने या सोशल मीडिया पर बार-बार जाने में विश्वास रखते हैं। महान क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने जब संन्यास लिया था तब वो कप्तान धोनी को अपने फैसले के बारे में सूचित करना चाहते थे लेकिन धोनी ने उनका फोन भी नहीं उठाया था। 

लक्ष्मण का फोन ना उठाने को लेकर माही से एक बार सवाल भी किया गया तो उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करने के साथ-साथ साफ कर दिया कि वो फोन से दूर रहना पसंद करते हैं क्योंकि तकनीक से उनका जुड़ाव कभी ज्यादा नहीं रहा है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!