मार्नस लाबुशेन ने डे-नाइट टेस्ट में किया वो कारनामा जो और कोई नहीं कर पाया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 17, 2021, 06:57 PM IST

ऑस्ट्रेलिया के युवा बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने डे-नाइट टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ शुक्रवार को सैकड़ा जड़कर वो कारनामा कर दिखाया जो अबतक और कोई खिलाड़ी नहीं कर पाया।

मार्नस लाबुशेन ने डे-नाइट टेस्ट में किया वो कारनामा जो और कोई नहीं कर पाया
Photo Credit: AP

एडिलेड: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एडिलेड में डे-नाइट फॉर्मेट में खेले जा रहे दूसरे एशेज टेस्ट के दूसरे दिन युवा कंगारू बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने करियर का छठा टेस्ट शतक जड़ा। गुरुवार को 95 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे लाबुशेन ने 287 गेंद में 8 चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया। इसी के साथ ही उन्होंने डे-नाइट टेस्ट में एक ऐसी उपलब्धि हासिल की जो उनसे पहले और कोई बल्लेबाज नहीं कर सका। 

डे-नाइट टेस्ट में जड़ा तीसरा सैकड़ा
मार्नस लाबुशेन 103 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। ओली रॉबिन्सन की गेंद पर वो एलबीडब्लू हो गए। लेकिन आउट होने से पहले सैकड़ा पूरा करके वो डे-नाइट टेस्ट मैच में तीन शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। लाबुशेन ने अबतक खेले 5 डे-नाइट टेस्ट की 7 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 84.57 की औसत से 592 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वाधित स्कोर 162 रन रहा है। ये पारी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेली थी।

शानदार रहा है डे-नाइट टेस्ट में प्रदर्शन
लाबुशेन ने साल 2018-19 में श्रीलंका के खिलाफ गाबा में खेले डे-नाइट टेस्ट में 81 रन की पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने साल 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ एडिलेड मैदान में खेले गए डे-नाइट टेस्ट में 162 रन बनाए थे। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ पर्थ में खेले गए डे-नाइट टेस्ट में भी उनके बल्ले ने रन उगले और उस मैच में 143 रन की पारी खेली। इस मैच की दूसरी पारी में अर्धशतक(50) भी जड़ा था। भारत के खिलाफ एडिलेड में पिछले साल खेले गए डे नाइट टेस्ट की दोनों पारियों में लाबुशेन ने 47 और 6 रन की पारी खेली थी। और अब उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 103 रन बनाए हैं। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!