रहाणे, अश्विन, बुमराह को लेकर जमकर लगाए गए कयास, टेस्ट टीम की उपकप्तानी में ये खिलाड़ी मार ले गया बाजी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 18, 2021, 05:36 PM IST

KL Rahul to be vice captain for South Africa Test Series: रोहित शर्मा के चोटिल होने के बाद अजिंक्य रहाणे, आर अश्विन और जसप्रीत बुमराह में से किसी एक को टेस्ट टीम का उपकप्तान बनाए को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन उपकप्तानी की बाजी केएल राहुल के हाथ लगी।

रहाणे, अश्विन, बुमराह को लेकर जमकर लगाए गए कयास, टेस्ट टीम की उपकप्तानी में ये खिलाड़ी मार ले गया बाजी

नई दिल्ली: सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 26 दिसंबर से शुरू हो रही तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए भारतीय टीम के उपकप्तान होंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की। रोहित शर्मा को टेस्ट टीम का उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन चोटिल होने के कारण वह आगामी श्रृंखला से बाहर हो गये है। राहुल ने अब तक 40 टेस्ट खेले हैं। इस 29 साल के खिलाड़ी ने इस प्रारूप में छह शतकों की मदद से 35.16 की औसत से 2321 रन बनाए हैं। राहुल को भविष्य के भारतीय कप्तान के तौर पर देखा जा रहा है।

शाह ने बीसीसीआई से जारी बयान में कहा, 'अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए लोकेश राहुल को उप-कप्तान बनाया है। लोकेश राहुल ने रोहित शर्मा की जगह उप-कप्तान नियुक्त किया गया है, जो मांसपेशियों में खिंचाव के कारण इस टेस्ट श्रृंखला से बाहर हो गए है।' पीटीआई-भाषा ने 13 दिसंबर को खबर दी थी कि उप-कप्तान बनने की दौड़ में राहुल सबसे आगे हैं।

अजिंक्य रहाणे की जगह रोहित को टेस्ट श्रृंखला के लिए उप-कप्तान बनाया गया था लेकिन दौरे से पहले मुंबई में नेट सत्र के दौरान उनकी बायें पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया।  इससे उबरने में उन्हें कम से कम तीन से चार सप्ताह का समय लगेगा। चयनकर्ताओं के लिए फिर से रहाणे को यह जिम्मेदारी देना मुश्किल होता क्योंकि उनकी जगह अंतिम एकादश में पक्की नहीं है। इसके साथ ही ऋषभ पंत को राष्ट्रीय टीम के उप कप्तान के रूप में पदोन्नत किया जाना जल्दबाजी होगी।

राहुल फिलहाल उन चुनिंदा विशेषज्ञ बल्लेबाजों में से एक है जो सभी प्रारूपों में खेलते है। राहुल की उम्र और अनुभव भी उनके पक्ष में जाती है जो कोहली के बाद  लंबे समय तक टीम की बागडोर संभाल सकते है। यह भी उम्मीद की जा रही है कि राहुल आने वाले दिनों में सीमित ओवर के प्रारूप में उप कप्तान नियुक्त होंगे। इंडियन प्रीमियर लीग की लखनऊ की नयी फ्रेंचाइजी टीम के कप्तान के लिए भी उनके नाम की चर्चा हो रही है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!