इस भारतीय 'ऑलराउंडर' ने फिर से खेली शानदार पारी, क्या हार्दिक पांड्या की जगह गई?

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 21, 2022, 06:44 PM IST

Shardul Thakur, India vs South Africa 2nd ODI: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पार्ल में दूसरे वनडे के दौरान एक बार फिर भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर का बल्ला चला।

इस भारतीय 'ऑलराउंडर' ने फिर से खेली शानदार पारी, क्या हार्दिक पांड्या की जगह गई?

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुक्रवार को पार्ल में वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करने उतरी। सबसे पहले शीर्ष क्रम में केएल राहुल (55) और रिषभ पंत (85) ने शानदार पारियां खेलते हुए टीम को अच्छी पकड़ दी लेकिन एक बार फिर मध्य के ओवरों में पारी धीमी हो गई। ऐसे में एक बार फिर भारतीय टीम के लिए नए ऑलराउंडर की भूमिका निभा रहे शार्दुल ठाकुर (Shardul Thakur) ने अपने बल्ले का दम दिखाया और स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचा दिया। पिछले मैच में भी उन्होंने दम दिखाया था।

पिछले मैच में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शार्दुल ठाकुर ने अर्धशतक जड़कर सबका दिल जीता था लेकिन लक्ष्य का पीछा करने से भारत 31 रन से चूक गया था। इस बार दूसरे वनडे में शार्दुल ठाकुर को सातवें नंबर पर प्रमोट किया गया और फिर से इस ऑलराउंडर ने निराश नहीं किया। शार्दुल ने 38 गेंदों में नाबाद 40 रनों की पारी खेली जिसमें तीन चौके और 1 छक्का शामिल था।

इसके अलावा शार्दुल ठाकुर ने रविचंद्रन अश्विन के साथ सातवें विकेट के लिए 38 गेंदों में 48 रनों की साझेदारी को भी अंजाम दिया। इसमें अश्विन ने 24 गेंदों में 25 रनों का योगदान दिया। इस साझेदारी के दम पर टीम इंडिया ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 287 रनों का स्कोर खड़ा करने में सफलता हासिल की।

क्या हार्दिक पांड्या की भरपाई हो गई है?

शार्दुल ठाकुर लगातार खुद को बल्लेबाजी में भी साबित कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बार-बार ऐसा प्रदर्शन करने से कहीं ना कहीं टीम इंडिया में जो ऑलराउंडर की कमी खल रही है, वो उसको पूरा कर रहे हैं। अब जब पिछले कुछ सालों से टीम में ऑलराउंडर की भूमिका निभाने वाले हार्दिक पांड्या लय में बाहर चल रहे हैं और ज्यादातर मौकों पर अपनी चोट की वजह से गेंदबाजी ना कर पाने के कारण पांड्या टीम से बाहर हैं और शार्दुल बखूबी उनकी जगह लेते नजर आ रहे हैं। देखना दिलचस्प होगा कि क्या शार्दुल आगे पांड्या की जगह ले पाते हैं या नहीं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!