IND vs NZ 3rd ODI Pitch Report, Weather Forecast: भारत-न्यूजीलैंड तीसरे वनडे की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 30, 2022, 06:23 AM IST

India vs New Zealand (IND vs NZ) 3rd ODI Hagley Oval, Christchurch Weather Forecast and Pitch Report Today Match: भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर तीसरा व सीरीज आखिरी वनडे मैच खेला जाना है। जानिए इस मैदान की पिच कैसी रहेगी और क्या मौसम का दखल एक बार फिर फैंस को निराश करेगा या नहीं।

IND vs NZ 3rd ODI Pitch Report, Weather Forecast: भारत-न्यूजीलैंड तीसरे वनडे की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल
Photo Credit: Twitter

India (IND) vs New Zealand (NZ) 3rd ODI Hagley Oval Stadium pitch report, Christchurch Weather Forecast: भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की सीरीज का तीसरा व अंतिम वनडे बुधवार को हेगले ओवल मैदान पर खेला जाएगा। अगले साल वनडे विश्व कप से पहले सभी टीमें 50 ओवर प्रारूप में अपनी तैयारियों को मजबूत कर लेना चाहती हैं। इस सीरीज के पहले वनडे में मेजबान न्यूजीलैंड टीम ने जबरदस्त जीत दर्ज की जबकि दूसरा वनडे बारिश के कारण धुल गया। अब बुधवार को तीसरा वनडे मैच टीम इंडिया के लिए करो या मरो का मुकाबला होगा क्योंकि सीरीज में बढ़त कीवी टीम के पास है।

क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर बुधवार को होने वाले वनडे सीरीज और भारत के इस दौरे के अंतिम मैच से पहले एक बार फिर फैंस और खिलाड़ियों की नजरें पिच के साथ-साथ आसमान पर टिकी होंगी क्योंकि भारत के इस पूरे न्यूजीलैंड दौरे के दौरान मौसम का दखल लगातार रहा है। वनडे सीरीज में 0-1 से पिछड़ रही टीम इंडिया अपने कई दिग्गजों की गैरमौजूदगी में मैदान पर जरूर है लेकिन अगर हार्दिक पांड्या की अगुवाई में ये वनडे टीम न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज बराबर करने में सफल रही तो आने वाले दिनों में चयनकर्ताओं के पास कई अतिरिक्त विकल्प मौजूद रह सकते हैं। अब जानते हैं कि भारत-न्यूजीलैंड तीसरे वनडे मैच की पिच कैसी होगी और कैसा रहेगा मौसाम का हाल।

भारत-न्यूजीलैंड तीसरे वनडे मैच की पिच रिपोर्ट (India vs New Zealand 3rd ODI Pitch Report)

मेजबान कीवी टीम और हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली भारतीय वनडे टीम के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेला जाएगा। बुधवार को होने वाले इस मैच की पिच भी काफी अहम रहेगी क्योंकि टीम इंडिया को अगर सीरीज में बराबरी हासिल करनी है तो ये मैच किसी भी हाल में जीतना होगा। अनुमान के मुताबिक इस पिच पर तेज गेंदबाजों के साथ-साथ बल्लेबाजों को भी काफी मदद मिलेगी। पिच काफी सख्त है और तेज गेंदबाज नई गेंद से यहां कहर जरूर बरपा सकते हैं।

दिलचस्प बात ये भी है कि भारतीय क्रिकेट टीम ने आज तक यहां पर कोई भी वनडे मैच नहीं खेला है। इस मैदान पर वनडे में सर्वाधिक स्कोर बांग्लादेश और स्कॉटलैंड की टीमों के नाम दर्ज है। दोनोंं ही टीमों ने यहां 341--341 रन का स्कोर खड़ा करने में सफलता हासिल की है। जबकि यहां सर्वाधिक लक्ष्य का पीछा बांग्लादेश ने किया था जबकि उसने पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ 275 रनों का टारगेट हासिल कर लिया था।

क्राइस्टचर्च में बुधवार को कैसा होगा मौसम? (IND vs NZ 3rd ODI, Christchurch weather forecast 30th November)

टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का अंतिम मैच भारतीय क्रिकेट टीम के लिए करो या मरो का मैच होगा। भारतीय टीम अगर हारी तो वो सीरीज गंवा देगी। फिर चाहे बारिश या खराब मौसम के कारण मैच रद्द हो या कोई नतीजा ना निकले, क्योंकि सीरीज का पहला मैच जीतकर मेजबान टीम के पास बढ़त मौजूद है और दूसरा वनडे मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका था। इस स्थिति में न्यूजीलैंड की टीम शायद इतना ना सोच रही हो लेकिन मौसम को लेकर भारतीय टीम जरूर चिंतित होगी।

अगर तीसरे वनडे मैच की बात करें, तो क्राइस्टचर्च में बुधवार को बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है। तेज बारिश ना सही लेकिन बौछारों की पूरी उम्मीद है। वहीं अगर तापमान की बात करें तो यहां बुधवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है। ये एक डे-नाइट मैच होगा इसलिए मैच के समय ठंड का सामना भी अधिक करना होगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!