विदेशी सरजमीं पर पहली बार डे नाइट टेस्ट खेलेगा भारत, लग गई मुहर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 27, 2020, 08:11 PM IST

Team India day night Test on foreign soil: भारतीय टीम तीन दिसंबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलेगी।

विदेशी सरजमीं पर पहली बार डे नाइट टेस्ट खेलेगा भारत, लग गई मुहर
Photo Credit: AP

नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के दरमियान साल के आखिर में खेली जाने वाली बहुचर्चित बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के मैचों के वेन्यू तय कर लिए गए हैं। चार मैचों की यह सीरीज ब्रिसबेन, एडिलेड, मेर्लबन और सिडनी में खेली जाएगी। पहला टेस्ट तीन दिसंबर से ब्रिसबेन में खेला जाएगा। साथ ही भारत का विदेशी सरजमीं पर पहला डे नाइट टेस्ट मैच खेलना का रास्ता भी साफ हो गया है। दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट मैच डे नाइट होगा, जो 11 दिसंबर से एडिलेड में खेला जाएगा। यह दोनों देशों के बीच खेला जाने वाला पहला डे नाइट टेस्ट मैच होगा। 

आखिरी टेस्ट सिडनी में खेला जाएगा

भारत ने अभी तक सिर्फ एक ही डे-नाइट टेस्ट मैच खेला है। बांग्लादेश के खिलाफ इस ऐतिहासिक डे नाइठ टेस्ट में भारत ने जीत दर्ज की थी। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया का कहना है  कि चार टेस्ट मैचों की सीरीज का शेड्यूल बन चुका है। रिपोर्ट्स के अनुसार क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी केविन राबर्ट्स इसका ऐलान शुक्रवार को करेंगे। सेवन न्यूज डॉट कॉम डॉट एयू ने लिखा, 'क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जो कार्यक्रम बनाया है, उसके मुताबिक पहला टेस्ट तीन दिसंबर से ब्रिसबेन में, दूसरा 11 दिसंबर से एडीलेड, तीसरा 26 दिसंबर से मेलबर्न और चौथा तीन जनवरी से सिडनी में होगा।'

पिछले दौरे पर भारत ने रचा इतिहास

पिछली बार भारत ने साल 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज इतिहास रच दिया था। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर पहली बार टेस्ट सीरीज अपने नाम की थी। विराट कोहली की अगुवाई में भारत ने चार टेस्ट मैचों की सीरीज 2-1 से जीती थी। भारत ने 2018-19 से पहले तक ऑस्ट्रेलिया में 11 सीरीज खेलीं लेकिन एक मर्तबा भी मेहमान टीम सीरीज नहीं जीत सकी थी। भारत को 11 सीरीज में से आठ बार टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी थी जबकि तीन ड्रॉ रहीं। मगर कोहली की कप्तानी में 12वीं बार ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर गई टीम इंडिया इतिहास रचने में कामयाब रही थी। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!