जानिए भारत-इंग्लैंड में कौन कैसे टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचेगा, या होगी तीसरे देश की एंट्री?

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 21, 2021, 08:39 PM IST

ICC World Test Championship Final qualifying scenario: भारत और इंग्लैंड की टीमों में से कौन आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में जगह बनाएगा? जानिए क्या कहती है गणित।

जानिए भारत-इंग्लैंड में कौन कैसे टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचेगा, या होगी तीसरे देश की एंट्री?
Photo Credit: PTI

नई दिल्लीः आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में कौन पहुंचेगा अब ये बड़ा सवाल बन चुका है। हर क्रिकेट प्रेमी की जुबान पर ये सवाल है। न्यूजीलैंड की टीम पहले से फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और अब दूसरे स्थान के लिए रेस में दो टीमें हैं, जो इन दिनों आमने-सामने भी हैं- भारत और इंग्लैंड। दोनों में कौन कैसे फाइनल में पहुंचेगा, आइए जानते हैं।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल का स्थान दांव पर लगा है इसलिए भारत और इंग्लैंड दोनों के लिए मौजूदा सीरीज काफी अहम है। सीरीज का पहला टेस्ट इंग्लैंड ने जीता और दूसरा मुकाबला भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने नाम किया जिसके बाद चार मैचों की ये सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है।  

भारत को फाइनल में जगह बनाने के लिए कम से कम एक और मैच जीतना होगा और एक ड्रॉ कराना होगा जबकि इंग्लैंड को खिताबी मुकाबले में जगह बनाने के लिए दोनों मैच जीतने होंगे और नतीजे को 3-1 से अपने पक्ष में करना होगा।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के पास भी है मौका...लेकिन पेचीदा है गणित

आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट की मानें तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया भी इस रेस में बाजी मार सकती है अगर गणित कुछ ऐसा खेल कर जाए कि भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज 2-2 या 1-1 से ड्रॉ हो जाए। या फिर भारत 1-2 से सीरीज हार जाए।

ये है आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप की ताजा अंक तालिका

WTC standings

रोहित शर्मा ने भी जाहिर की फाइनल को लेकर उत्सुकता

टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने भी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की है। उन्होंने कहा, ‘‘हां, बेशक हम क्वालीफाई करना चाहते हैं, हम WTC फाइनल में जगह बनाना चाहते हैं लेकिन ऐसा करने के लिए हमें काफी चीजें सही करनी होंगी। जब हम खेल रहे हों तो हमारा ध्यान सिर्फ इस पर होना चाहिए कि हमें जीतने के लिए क्या करना होगा।’’

हिटमैन के नाम से मशहूर इस भारतीय बल्लेबाज ने आगे कहा, ‘‘फाइनल में पहुंचने से पहले हमें कुछ छोटे कदम उठाने की जरूरत है। अब भी इसके लिए काफी कुछ करने की जरूरत है। ये जरूरी है कि हम वर्तमान पर ध्यान दें और अपने काम पर फोकस करें।’’

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!