ICC ODI Rankings: झूलन को हुआ नुकसान तो मंधाना इस स्थान पर काबिज, टॉप पर इंग्लिश-ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 21, 2022, 05:36 PM IST

Latest ICC Women ODI Rankings: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने महिला वनडे खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी की है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी में टॉप पर इंग्लिश और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं।

ICC ODI Rankings: झूलन को हुआ नुकसान तो मंधाना इस स्थान पर काबिज, टॉप पर इंग्लिश-ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी

दुबई: भारत की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की मंगलवार को जारी नवीनतम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय महिला रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में आठवें स्थान पर बरकरार हैं जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी को गेंदबाजों की सूची में एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है।

इस साल नौ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 411 रन बनाने वाली 25 साल की मंधाना बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष 10 में शामिल एकमात्र भारतीय हैं। मंधाना ने विश्व कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक भी जड़ा था। बल्लेबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली शीर्ष पर हैं जबकि उनके बाद इंग्लैंड की नताली स्कीवर का नंबर आता है।

झूलन गेंदबाजी रैंकिंग में एक स्थान के नुकसान से छठे स्थान पर हैं। झूलन ने इस साल अब तक नौ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 12 विकेट चटकाए हैं। झूलन को दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज अयाबोंगा खाका ने पछाड़ा जिन्होंने आयरलैंड के खिलाफ अपनी टीम के क्लीन स्वीप के दौरान शानदार प्रदर्शन किया। 

इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन और दक्षिण अफ्रीका की जेन जोनासेन गेंदबाजों की सूची में क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर बरकरार हैं। ऑलराउंडरों की सूची में भारत की दीप्ति शर्मा सातवें स्थान पर बनी हुई हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!