आईसीसी रैंकिंग में जडेजा ने मचाया धमाल, बने दुनिया ने नंबर वन ऑलराउंडर 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 9, 2022, 03:09 PM IST

ICC Test Ranking Ravindra Jadeja no one All Rounder: श्रीलंका के खिलाफ मोहाली टेस्ट में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद रवींद्र जडेजा दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर बन गए हैं।

आईसीसी रैंकिंग में जडेजा ने मचाया धमाल, बने दुनिया ने नंबर वन ऑलराउंडर 
Photo Credit: AP

दुबई: टीम इंडिया के धाकड़ ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट में किए धमाकेदार प्रदर्शन का ईमान मिला है। आईसीसी द्वारा बुधवार को जारी की गई टेस्ट रैंकिंग में वो दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर बन गए हैं। 

जडेजा ने मोहाली टेस्ट में नाबाद 175 रन की पारी खेलने के अलावा 87 रन देकर 9 विकेट अपने नाम किए थे। ऐसे में उन्हें रैंकिंग में बड़ा फायदा मिला है और वो चोट से उबरकर टीम में वापसी करते ही दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर बन गए हैं।  जडेजा के खाते में 402 रेटिंग प्वाइंट्स हो गए हैं।

बैटिंग और बॉलिंग रैंकिंग में भी लगाई छलांग 
जडेजा को दो स्थान का फायदा हुआ है। वो जेसन होल्डर और रविचंद्रन अश्विन को पछाड़कर पहले पायदान पर पहुंचे हैं। दूसरे पायदान पर काबिज होल्डर के 382 और तीसरे स्थान पर काबिज रविचंद्रन अश्विन के 347 अंक हैं। जडेजा ने नाबाद 175 रन बनाये थे जिसकी वजह से वह बल्लेबाजी रैंकिंग में 17 पायदान की छलांग लगाकर 54वें से 37वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इसके बाद उन्होंने नौ विकेट भी लिये जिससे गेंदबाजों की रैंकिंग में 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

विराट की हुई टॉप 5 में वापसी 
रावलपिंडी टेस्ट में 90 रन की पारी खेलने वाले कंगारू बल्लेबाज दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं। विराट कोहली की टॉप 5 बल्लेबाजों में वापसी हुई है। उन्हें दो स्थान का फायदा हुआ है वो टीम के नए टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा और ट्रेविस हेड को पछाड़कर पांचवें पायदान पर पहुंच गए हैं।  वहीं मोहाली में 96 रन की आतिशी पारी खेलने वाले ऋषभ पंत भी टॉप-10 में एंट्री करने में सफल रहे हैं। वो डेविड वॉर्नर को पछाड़कर दसवें पायदान पर पहुंच गए हैं। 

टॉप-10 में भारत के दो गेंदबाज 
गेंदबाजों की रैंकिंग में कंगारू कप्तान पैट कमिंस नंबर एक खिलाड़ी बने हुए हैं। वहीं रविचंद्रन अश्विम मोहाली टेस्ट में 6 विकेट लेने के बाद दूसरे पायदान पर काबिज हैं। जसप्रीत बुमराह भी टॉप-10 गेंदबाजों की सूची में शामिल हैं। 

लाबुशेन ने हासिल किए करियर के सर्वश्रेष्ठ रेटिंग प्वाइंट्स
मार्नस लाबुशेन 936 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ ऑलटाइम रिकॉर्ड बुक्स में 12वें पायदान पर पहुंच गए हैं। 27 वर्षीय लाबुशेन के करियर के सबसे ज्यादा रेटिंग प्वाइंट्स हैं। उनसे ज्यादा रेटिंग प्वाइंट्स डॉन ब्रैडमैन, स्टीव स्मिथ और रिकी पॉन्टिंग ही हासिल कर सके हैं। 









End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!