ICC ODI Ranking: पहले वनडे के बाद जानिए कैसा है भारतीय खिलाड़ियों का हाल, कम हुआ विराट-रोहित के बीच अंतर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 9, 2022, 05:16 PM IST

आईसीसी वनडे रैंकिंग में भारत के नए वनडे कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच दूरी कम हो गई है। जानिए कैसा है अन्य खिलाड़ियों का हाल? 

ICC ODI Ranking: पहले वनडे के बाद जानिए कैसा है भारतीय खिलाड़ियों का हाल, कम हुआ विराट-रोहित के बीच अंतर

दुबई: भारत के सीमित ओवर के प्रारूप के कप्तान नये कप्तान रोहित शर्मा बुधवार को जारी आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) एकदिवसीय की नवीनतम रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर बने हुए है लेकिन उन्होंने टीम के साथी खिलाड़ी विराट कोहली के साथ अंतर को कम किया है। पूर्व कप्तान कोहली दूसरे स्थान पर काबिज हैं।

कम हुआ विराट और रोहित के बीच का अंतर
रोहित ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला के पहले एकदिवसीय मैच में अपनी अर्धशतकीय पारी से अहम रेटिंग अंक हासिल किये। कोहली के 828 के मुकाबले रोहित के नाम 807 रेटिंग अंक हैं। रैंकिंग में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम शीर्ष स्थान पर बने हुए है, जबकि उनके हमवतन फखर जमां और इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट शीर्ष 10 में पहुंच गए।

शाई होप हुए टॉप 10 से बाहर 
भारत के खिलाफ पहले वनडे में आठ रन बनाने वाले वेस्टइंडीज के शाई होप शीर्ष 10 से बाहर हो गए। गेंदबाजों की सूची में शीर्ष 10 में कोई बदलाव नहीं हुआ है और भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह सातवें स्थान पर बने हुए है।

जडेजा बने हुए हैं नंबर वन भारतीय ऑलराउंडर 
हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में रविन्द्र जडेजा आठवें स्थान के साथ सर्वश्रेष्ठ भारतीय हैं। भारत के खिलाफ पहले एकदिवसीय में अर्धशतक जड़ने वाले वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर चार स्थान के सुधार के साथ शीर्ष 20 में पहुंच गये हैं।



जतिंदर सिंह ने की टॉप 100 में एंट्री
बल्लेबाजों की सूची में ओमान के जतिंदर सिंह ने 26 स्थानों का सुधार किया है और शीर्ष 100 में पहुंच गये हैं। उन्होंने यूएई श्रृंखला के पहले मैच में शतक जड़ा था। यह मैच ’आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग 2 (दूसरा स्तर)’ का हिस्सा हैं। उन्होंने ‘लीग 2’ में 23 मैचों में 594 रन बनाये हैं औैर दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!