'इसे निगलना हो सकता है मुश्किल', दिनेश कार्तिक ने ऋद्धिमान साहा और ऋषभ पंत को लेकर कही बड़ी बात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 2, 2022, 10:52 AM IST

Dinesh Karthik on Wriddhiman Saha and Rishabh Pant: दिनेश कार्तिक ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा और ऋषभ पंत की टेस्ट टीम में जगह को लेकर बड़ी बात कही है।

'इसे निगलना हो सकता है मुश्किल', दिनेश कार्तिक ने ऋद्धिमान साहा और ऋषभ पंत को लेकर कही बड़ी बात

अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा ने हाल ही में खुलासा किया कि हेड कोच राहुल द्रविड़ और बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा से बताया कि उन्हें अब भारतीय टेस्ट टीम में नहीं चुना जाएगा। इसके पीछे अहम वजह युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत का टेस्ट टीम के लिए पहली पसंद के तौर पर उभरना है। ऐसे में काफी हद तक स्पष्ट हो गया है कि 37 वर्षीय साहा का अंतरराष्ट्रीय करियर अब ढलान की ओर है। वहीं, साहा और पंत को लेकर दिग्गज विकेटकेपर दिनेश कार्तिक ने बड़ी बात कही है। उन्होंने साहा से सहानुभूति जताई है जबकि पंत की तारीफ की।

बता दें कि साहा को श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए नहीं चुना गया है। उन्होंने आखिर टेस्ट मैच पिछले साल दिसंबर में न्यूजीलैंड के विरुद्ध खेला था। उन्होंने तब 61 रन की पारी खेली थी, जिसकी बदौलत भारतीय टीम ने मैच में वापसी की थी। कार्तिक ने साहा के विकेटकीपिंग कौशल की सराहना करते हुए कहा, 'आप देख सकते हैं कि ऋषभ पंत ने टीम में अपनी जगह काफी मजबूत कर ली है। तो फिर आप समझ सकते हैं कि भारतीय टीम किस दिशा में जा रही है। अगर टीम को किसी दूसरे कीपर की आवश्यकता होगी तो वे किसी युवा खिलाड़ी की तरफ देखेंगे।'

कार्तिक ने आगे कहा, 'मुझे पूरा यकीन है कि साहा समझता है कि यह निर्णय कहां से आ रहा है। मुझे पता है कि जब आपको टीम से बाहर करने और आगे बढ़ने में बताया जाएगा तो कोई भी क्रिकेटर इसे स्वीकार नहीं करेगा। यह बहुत कठिन है, क्योंकि यह वही है जो वे दिन-रात कर रहे हैं। हम सभी देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं और यही हर किसी की इच्छा होती है। इसलिए जब कोई अंदर आता है तो कहता है, 'मुझे लगता है कि आपका समय हो गया है।' इसे निगलना मुश्किल हो सकता है। लेकिन यह समझ में आता है और आपको यह समझना होगा कि चयनकर्ता, कोच और कप्तान क्या सोच रहे हैं।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!