टीम इंडिया के खिलाफ इस मास्‍टरप्‍लान के साथ उतरेगी इंग्‍लैंड की टीम, बेन स्‍टोक्‍स ने किया खुलासा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 28, 2022, 05:17 PM IST

Ben Stokes on test vs India: न्‍यूजीलैंड का 3-0 से क्‍लीनस्‍वीप करने के बाद इंग्‍लैंड के टेस्‍ट कप्‍तान बेन स्‍टोक्‍स ने भारत के लिए भी चेतावनी जारी कर दी है। स्‍टोक्‍स ने बताया कि उनकी टीम किस मानसिकता के साथ भारत के खिलाफ मैच खेलने उतरेगी।

टीम इंडिया के खिलाफ इस मास्‍टरप्‍लान के साथ उतरेगी इंग्‍लैंड की टीम, बेन स्‍टोक्‍स ने किया खुलासा

लीड्स: न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-0 के क्लीनस्वीप के दौरान आक्रामक क्रिकेट खेलने वाले इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने कहा है कि भारत के खिलाफ होने वाले आगामी पांचवें टेस्ट में उनकी टीम के जज्बे में कोई कमी नहीं आएगी। नए कप्तान स्टोक्स और नए कोच ब्रैंडन मैकुलम के नेतृत्व में इंग्लैंड ने गत विश्व टेस्ट चैंपियन न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट की सीरीज में 3-0 से क्लीनस्वीप किया।

भारत के खिलाफ एकमात्र टेस्ट पिछले साल की पांच मैच की टेस्ट सीरीज का बचा हुआ टेस्ट है, जिसे मेहमान टीम के खेमे में कोविड-19 मामले आने के कारण रद्द कर दिया गया था। यह टेस्ट शुक्रवार से खेला जाएगा। स्टोक्स ने सोमवार को कहा, 'जब मैं यह बोल रहा हूं तो मुझ पर विश्वास कीजिए। हम इसी (आक्रामक) मानसिकता के साथ उतरेंगे, हालांकि यह अलग विरोधी है।'

आक्रमकता में कमी नहीं आएगी

उन्होंने कहा, 'बेशक, यह पूरी तरह से अलग होगा... अलग विरोधी, उनका आक्रमण और खिलाड़ी भी अलग। हम इस पर ध्यान लगा रहे हैं कि इन पिछले तीन मैच में हमने क्या अच्छा किया है और शुक्रवार को भारत के खिलाफ भी इसे जारी रखने का प्रयास करेंगे।' भारत पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे चल रहा है।

भारत अब इंग्लैंड की तरोताजा टीम से भिड़ेगा, जिसमें पिछले साल चौथा टेस्ट खेलने वाली टीम के सिर्फ चार सदस्य (ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो और जेम्स एंडरसन) शामिल हैं। पिछले साल स्टोक्स भी सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं थे क्योंकि उन्होंने अपने मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए ब्रेक लिया था।

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पूर्व पिछले कुछ महीनों में इंग्लैंड की टीम मुश्किल दौर से गुजर रही थी और इस दौरान 17 टेस्ट में सिर्फ एक जीत दर्ज कर पाई। टीम के अपने साथियों की सराहना करते हुए स्टोक्स ने कहा, 'दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम के खिलाफ 3-0 से सीरीज जीतना काफी विशेष शुरुआत है।'
अप्रैल में वेस्टइंडीज के खिलाफ इंग्लैंड के 0-1 से टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद रूट ने कप्तानी छोड़ दी और स्टोक्स को यह जिम्मेदारी दी गई।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!