कोरोना से जंग में बीसीसीआई ने बढ़ाया मदद का हाथ, इतने हजार ऑक्सीजन कंसंट्रेटर देने की घोषणा की

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 24, 2021, 03:49 PM IST

BCCI to donateoxygen concentrators: भारत में कोरोना संकट के बीच बीसीसीआई मदद को आगे आया है। बीसीसीसआई ने ऑक्सीजन कंसंट्रेटर देने का ऐलान किया है।

कोरोना से जंग में बीसीसीआई ने बढ़ाया मदद का हाथ, इतने हजार ऑक्सीजन कंसंट्रेटर देने की घोषणा की

कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने देश में कहर बरपा रखा है। हर रोज लाखों लोग कोरोना का शिकार हो रहे हैं जबकि हजारों लोगों को वायरस के चलते अपनी जान गंवानी पड़ रही है। ऐसे हालत में आम लोगों से लेकर जानी-मानी हस्तियां और संस्थाएं मदद के लिए आगे आ रही हैं। अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी कोरोना से जंग में मदद का हाथ बढ़ाया है। बीसीसीआई ने महामारी से निपटने के लिए 10 लीटर के 2 हजार ऑक्सीजन कंसंट्रेटर देने की घोषणा की है। ये कंसंट्रेटर अगले कुछ महीनों में देशभर में जरूरतमंद लोगों को दिए जाएंगे। बीसीसीआई ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।

बीसीसीआई अध्यक्ष गांगुली ने क्या कहा

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कोरोना संकट के दौर में काम करने वाले स्वास्थकर्मियों की खूब सराहना की। उन्होंने कहा, 'कोरोना के खिलाफ लड़ाई में मेडिकल और हेल्थकेयर से जुड़े लोगों ने बेहद अहम रोल निभाया है। वे सभी वायरस से लंबी जंग लड़ रहे हैं। वे वास्तव में फ्रंटलाइन वर्कर्स हैं, जिन्होंने हमें बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया है। बीसीसीआई हमेशा स्वास्थ्य और सुरक्षा को सबसे ऊपर रखता है और इस मकसद के लिए प्रतिबद्ध है। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करेंगे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने में मदद करेंगे।'

वहीं, बीसीसीआई सचिन जय शाह ने कहा कि हम कोरोना वायरस के खिलाफ इस सामूहिक लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। बीसीसीआई संकट की इस घड़ी में चिकित्सा उपकरणों की सख्त जरूरत को समझता है और उम्मीद करता है कि इस प्रयास से देशभर में पैदा हुई मांग-आपूर्ति के अंतर को कम करने में मदद मिलेगी। गौरतलब है कि बीसीसी के अलावा भारतीय क्रिकेटर भी अपने-अपने स्तर पर मदद कर रहे हैं। इस फेहरिस्त में भारतीय कप्तान विराट कोहली, हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, शिखर धवन समेत कई खिलाड़ियों का नाम शामिल है। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!