अर्जुन तेंदुलकर को मिली मुंबई रणजी टीम में जगह, आईपीएल नीलामी में होगा फायदा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 30, 2021, 07:20 AM IST

Arjun Tendulkar Included into Mumbai Ranji Squad: सचिन तेंदुलकर के लाल अर्जुन तेंदुलकर को आईपीएल 2020 की फरवरी में होने वाली नीलामी से ठीक पहले मुंबई की रणजी टीम में जगह दी गई है। 

अर्जुन तेंदुलकर को मिली मुंबई रणजी टीम में जगह, आईपीएल नीलामी में होगा फायदा
Photo Credit: Twitter

मुंबई: क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के लाल अर्जुन तेंदुलकर को बुधवार को पहली बार मुंबई की रणजी टीम में चुना गया है। एक साल पहले हरियाणा के खिलाफ मुंबई के लिए टी20 डेब्यू करने वाले अर्जुन को रणजी टीम में मौका मिला है। 22 साल की उम्र में उन्हें प्रथम श्रेणी डेब्यू का मौका मिल सकता है। 

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कर चुके हैं डेब्यू
अर्जुन को पिछले साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए मुंबई की टीम में शामिल किया गया था। उन्होंने हरियाणा के खिलाफ मुंबई के लिए डेब्यू किया था इसके बाद उन्हें पुडुचेरी के खिलाफ खेलने का मौका मिला था। 2 मैच में अर्जुन गेंदबाजी में 2 विकेट हासिल कर सके थे। वहीं बल्लेबाजी में 2 पारी में वो एक बार नाबाद रहते हुए कुल 3 रन बना सके थे। ऐसे फीके प्रदर्शन के बाद उन्हें दोबारा मौका नहीं मिला।

इस साल नहीं मिला मुश्ताक अली और विजय हजारे ट्रॉफी में मौका
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अर्जुन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में डेब्यू किया था। मुबई की जिस रणजी टीम में उन्हें शामिल किया गया है उसकी कमान भी पृथ्वी शॉ के हाथों में है। एक साल लंबे अंतराल के बाद सलिल अंकोला की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने मुंबई की 20 सदस्यीय टीम में जगह मिली है। पिछले साल विजय हजारे ट्रॉफी के लिए संभावित खिलाड़ियों की सूची में तो अर्जुन का नाम शामिल था लेकिन अंत में उन्हें टीम नहीं चुना गया। 

मुंबई इंडियन्स ने 20 लाख में किया था टीम में शामिल
अर्जुन तेंदुलकर को हालांकि आईपीएल 2021 के लिए फरवरी में हुई नीलामी में मुंबई इंडियन्स ने 20 लाख रुपये के बेस प्राइज पर अपनी टीम में शामिल किया था। वो नीलामी में खरीदे गए आखिरी खिलाड़ी थे। मुंबई की टीम में शामिल किए जाने के बाद टीम के निदेशक जहीर खान को इस फैसले पर सफाई देनी पड़ी थी।

बीच सीजन हुए मुंबई इंडियन्स से बाहर 
मुंबई के लिए अर्जन तेंदुलकर को आईपीएल 2021 में खेलने का एक भी मौका नहीं मिला। दुबई में खेले जा रहे आईपीएल 2021 के दूसरे चरण के बीच में उनकी जगह टीम मैनेजमेंट ने दिल्ली के तेज गेंदबाज सिमरजीत सिंह को टीम में शामिल किया था। मुंबई इंडियन्स ने इस निर्णय के पीछे अर्जुन के चोटिल होने की बात कही थी। 

रणजी में प्रदर्शन पर निर्भर करेगी आईपीएल में नीलामी 
ऐसे में फरवरी में आईपीएल 2022 से ठीक पहले मुंबई की रणजी टीम में अर्जुन के शामिल होने के बाद अर्जुन के पास अपनी काबीलियत दिखाने का अच्छा मौका है। लखनऊ और अहमदाबाद की टीमों के टूर्नामेंट में शामिल होने की वजह से अर्जुन के नीलामी में अच्छी कीमत हासिल करने की पूरी संभावना है। लेकिन उनकी कीमत रणजी ट्रॉफी के प्रदर्शन पर भी निर्भर करेगी। कौन सी टीम अर्जुन को अपने दल में शामिल करती है वो देखना रोचक होगा।   

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!