शहर

'अज्ञात शव से लेकर दाह संस्कार तक...', युवराज मर्डर केस में कोर्ट का सख्त रुख, गुरुग्राम पुलिस को 22 सितंबर तक का अल्टीमेटम

Yuvraj Singh Manchanda Death Case: रियल एस्टेट पेशेवर युवराज सिंह मंडाहा की संदिग्ध मौत के मामले में दिल्ली की साकेत कोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है। युवराज की बहन की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने गुरुग्राम पुलिस को आदेश दिया है कि वे बादशाहपुर से मिले अज्ञात शव, उसकी पहचान, पोस्टमॉर्टम, फॉरेंसिक जांच और दाह संस्कार से जुड़े तमाम रिकॉर्ड 22 सितंबर 2026 तक कोर्ट में पेश करें।

Image

कोर्ट ने गुरुग्राम पुलिस से मांगे सारे सबूत और रिकॉर्ड

Photo : ANI

Yuvraj Singh Manchanda Death Case: दिल्ली के 31 वर्षीय रियल एस्टेट पेशेवर युवराज सिंह मंडाहा की मौत के मामले में एक बड़ा कानूनी घटनाक्रम सामने आया है। युवराज की बहन, जो दिल्ली में दर्ज एफआईआर की मुख्य शिकायतकर्ता भी हैं, की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली की साकेत कोर्ट ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। कोर्ट ने गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त को आदेश दिया है कि वे बादशाहपुर इलाके से मिले एक अज्ञात शव की बरामदगी, पहचान, फॉरेंसिक जांच और दाह संस्कार से जुड़े तमाम रिकॉर्ड कोर्ट में पेश करें। बाद में इस शव की पहचान युवराज के रूप में हुई थी।

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 94 के तहत दाखिल की गई इस याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने साफ किया कि 22 सितंबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे तक सारा रिकॉर्ड कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया जाना चाहिए। इसके बाद इन सभी सबूतों को आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस के जांच अधिकारी (IO) को सौंप दिया जाएगा। युवराज की बहन ने लाजपत नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद गुरुग्राम के बादशाहपुर थाना क्षेत्र से एक अज्ञात शव बरामद हुआ था।

अदालत ने मांगे ये सारे सबूत

वरिष्ठ अधिवक्ता अमित प्रसाद और उनकी टीम के माध्यम से दाखिल अर्जी में मांग की गई थी कि बादशाहपुर पुलिस के पास मौजूद तमाम पुलिस डायरी प्रविष्टियों (GD/DD), पीसीआर कॉल रिकॉर्ड, क्राइम सीन के नक्शे, फोटो और वीडियो को सुरक्षित रखा जाए। इसके अलावा, अदालत ने इनक्वेस्ट कार्यवाही, अस्पताल और मॉर्च्युरी के दस्तावेज, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, विसरा तथा डीएनए सैंपल के रिकॉर्ड की मूल फाइलें मांगी हैं।

साकेत कोर्ट ने विशेष रूप से 'जिपनेट' (ZIPNET) रिकॉर्ड भी तलब किए हैं, ताकि यह जांचा जा सके कि शव की पहचान स्थापित करने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने कौन-कौन से कदम उठाए थे और डेटा कब और कैसे अपलोड किया गया था। इस आदेश के बाद अब युवराज सिंह मंडाहा की मौत से जुड़े कई अनसुलझे सवालों के सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!