शहर

'पहले की सरकारें गुर्गों से बनवाती थीं तमंचा, अब यहां बन रही ब्रह्मोस मिसाइल'; CM योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला

राष्ट्र प्रेरणा स्‍थल पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष समेत कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें माफिया को पालती थीं, लेकिन अब यूपी में देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइलें बन रही हैं।

Image

सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर बोला हमला। (फोटो- PTI)

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले की सरकारें उत्तर प्रदेश के हर जिले में माफिया पालती थीं और अपने गुर्गों से तमंचा बनवाती थीं, लेकिन आज यहां देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल बन रही हैं।

वे रविवार को यहां राष्ट्र प्रेरणा स्‍थल पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष समेत कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में अवध क्षेत्र के शक्ति केन्‍द्र संयोजकों के सम्‍मेलन को संबोधित कर रहे थे।

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर बोला हमला

यहां पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि हमारे लिए राष्‍ट्र की सुरक्षा महत्‍वपूर्ण है और उनके लिए अपना लूट तंत्र मजबूत करना अहम था। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की चिंता यही है कि जिन तबकों को ये लोग जाति के नाम पर बांटते थे, उन्‍हें गरीब कल्‍याण योजनाओं के जरिये भाजपा की ’डबल इंजन’ की सरकार ने देश की मुख्‍यधारा से जोड़ा है, वहीं अब थककर विपक्षी दल भारत की आस्‍था पर प्रहार कर रहे हैं।

इस दौरान सीएम योगी ने नितिन नवीन और बीएल संतोष का अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने राष्‍ट्र प्रेरणा स्‍थल को समपर्ति किया है।उन्‍होंने कहा कि यह वही स्‍थल है जो भारत की आत्‍मा को भारत के लोगों से परिचित कराने वाले राष्‍ट्र के तीन महान पुरुषों - डॉ श्‍यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्‍याय और अटल बिहारी वाजपेयी की स्‍मृति में बना है। सीएम योगी ने कहा कि श्‍यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि एक देश में दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे और प्रधानमंत्री मोदी ने कश्‍मीर में धारा 370 को समाप्‍त कर उनके सपनों को साकार किया।

गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया। सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के भीतर जितनी योजनाएं चली हैं, वे सब देश में बिना भेदभाव के अंतिम पायदान पर बैठे गरीब के लिए समर्पित हैं उन्होंने इसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'अंत्योदय' के विचार को साकार करने वाला कदम बताया।

राजनीतिक स्थिरता के बगैर नहीं हो सकता है विकास - योगी

उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्थिरता के बगैर विकास नहीं हो सकता है और राजनीतिक स्थिरता के प्रेरणा स्रोत अटल बिहारी वाजपेयी हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 13 दिन की सरकार गंवा कर वाजपेयी ने चुनाव का मुकाबला किया और उन्होंने राजनीतिक स्थिरता लाकर ’’सुशासन का मॉडल’’ दिया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी पिछले नौ वर्षों में ’डबल इंजन’ की सरकार ने इस मॉडल को लागू किया है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article