शहर

नोएडा की सोसायटी में दर्दनाक हादसा, 18वीं मंजिल से कूदकर महिला ने दी जान; जांच में जुटी पुलिस

नोएडा के सेक्टर-100 स्थित लोटस स्पेसिया सोसायटी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 46 वर्षीय महिला ने 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। घटना से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

Image

नोएडा की लोटस स्पेसिया सोसायटी में महिला की मौत से मचा हड़कप (प्रतीकात्मक फोटो)

Noida Lotus Spacia Society Incident: नोएडा के सेक्टर-100 स्थित लोटस स्पेसिया सोसायटी में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 46 वर्षीय महिला ने 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सोसायटी में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना सेक्टर-39 पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

18वीं मंजिल से छलांग लगाई

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 46 वर्षीय पारुल अग्रवाल के रूप में हुई है। वह अपने पति और परिवार के साथ लोटस स्पेसिया सोसायटी के टावर-32 स्थित फ्लैट नंबर-1803 में रहती थीं। मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे उन्होंने अपने फ्लैट की 18वीं मंजिल से छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पति ने खोला यह राज

घटना की जानकारी मिलते ही सोसायटी के निवासी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की और फोरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में मृतका के पति पल्लव अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी पिछले काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थीं। हालांकि, उन्होंने किसी अन्य विवाद या बाहरी कारण की जानकारी नहीं दी।

मामले की हर एंगल से जांच जारी

पुलिस परिवार के सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article