Viksit Bharat Samriddh UP Conclave: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज टाइम्स नाउ नवभारत के मंच पर तमाम प्रश्नों के बेबाकी से उत्तर दिए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से लेकर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री सपा प्रमुख अखिलेश यादव तक पर बात की। 2027 के विधानसभा चुनाव पर भी उन्होंने अपनी बात रखी और साफ कहा कि भाजपा 2027 के चुनाव में 2022 से ज्यादा सीटें जीतेगी।
टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ इंटरव्यू में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2027 में एक बार फिर से यूपी में डबल इजन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा, अखिलेश यादव के लिए फिलहाल न तो कोई स्कोप है और न ही फ्यूचर।
'जनता विपक्ष की हकीकत को समझ गई है'
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में संविधान के नाम पर दुष्प्रचार करके विपक्ष ने यूपी और देश में कुछ सीटें हासिल कर ली थीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा, लेकिन इसके बाद जनता को उनकी हकीकत समझ में आ गई और फिर हुए उपचुनावों में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला। जनता इनके खेल को समझ गई है। यह लोग अपने स्वार्थ के लिए राजनीतिक तुष्टिकरण करते हैं। सत्ता में आने के बाद नौजवानों को धोखा देते हैं, इनके शासन में किसान आत्महत्या को मजबूर होते हैं। महिलाओं को सुरक्षा का खतरा होता है और गरीबों को भी यह धोखा देते हैं।
'आज यूपी में रामराज्य'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले, आज यूपी के नौजवानों को अवसर मिल रहे हैं। किसान आत्महत्या नहीं कर रहे, श्रमिकों को अपने जनपद और क्षेत्र में ही रोजगार मिल रहा है। महिलाएं अपने को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। यही रामराज्य है। हर तबके को अपना अधिकार मिल रहा है। उन्होंने कहा, अगर हम अयोध्या में राम मंदिर बना देते और यह काम नहीं करते, रामराज्य की अवधारणा को नहीं मानते तो यह भगवान राम की अवमानना होती।
अखिलेश यादव को यूपी वाले गंभीरता से नहीं लेते
टाइम्स नाउ Viksit Bharat Samriddh UP Conclave के मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, अखिलेश यादव का पूरा गठबंधन ही अवसरवाद पर आधारित होता है। अपना काम निकल जाने के बाद वह गठबंधन को छोड़ देते हैं। मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव के PDA की भी व्याख्या की। उन्होंने पीडीए को 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' बताया। उन्होंने कहा, राहुल गांधी को देश में कोई गंभीरता से नहीं लेता और अखिलेश यादव को यूपी वासी गंभीरता से नहीं लेते।
कांग्रेस को डुबोने वाले कैप्टन हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस देश में अपने अंतिम दिन गिन रही है और यूपी से तो खत्म हो गई है। उन्होंने कहा, अर्थी को कांधा देने के लिए कम से कम चार लोग चाहिए होते हैं, कांग्रेस के पास यूपी में इतने विधायक भी नहीं हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, जब कोई जहाज डूबने वाला होता है तो बाय डिफॉल्ट ऐसे व्यक्ति को कैप्टन बना दिया जाता है, जो उसे आसानी से डुबा सके, राहुल गांधी वही कैप्टन हैं, जो कांग्रेस के जहाज को आसानी से डुबा सकते हैं।
बुल्डोजर और ब्रह्मोस पर क्या बोले सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुल्डोजर और ब्रह्मोस पर भी प्रश्न हुआ। इस प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि यह एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। उन्होंने बुल्डोजर को उत्तर प्रदेश की ताकत का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा, ब्रह्मोस जैसे सेक्टर में भी आज बड़े निवेश यूपी में हो रहे हैं, यह भारत की सामरिक शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा, अगर भारत को किसी ने आंख दिखायी तो दुश्मन को उसके ठिकाने पर जाकर ही मार मारने का प्रतीक है ब्रह्मोस।
