शहर

अमृतसर में स्कूटी साइड करने की बात पर हुआ विवाद, 28 साल के युवक की गोली मारकर हत्या

Amritsar News: ​पीड़ित परिवार ने इंसाफ की गुहार लगाते हुए आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है। परिवार का कहना है कि मामूली सी बात पर उनके जवान बेटे की जान ले ली गई, इसलिए आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।

Image

स्कूटी खड़ा करने के विवाद में हत्या (फोटो साभार- iStock)

Amritsar News: अमृतसर से कानून-व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। थाना गेट हकीमा इलाके में दिनदहाड़े 28 वर्षीय युवक अमित सभरवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

स्कूटी साइड करने की बात पर हुआ विवाद

मृतक के माता-पिता ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका बेटा अमित घर के बाहर कॉलोनी में खड़ा था। इसी दौरान आरोपी अभि शाह अपने साथियों के साथ स्कूटी पर वहां पहुंचा। आरोपियों ने अमित को रास्ता छोड़ने और अपनी स्कूटी साइड करने के लिए कहा। परिवार का आरोप है कि अमित ने तुरंत उनकी बात मान ली और कोई पुरानी रंजिश भी नहीं थी, फिर भी आरोपियों ने मामूली सी बात पर हंगामा खड़ा कर दिया।

सिर में गोली मारकर की हत्या

परिवार का कहना है कि विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने अमित पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने करीब 5 से 6 राउंड गोलियां चलाईं। एक गोली सीधे अमित के सिर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

तीन आरोपियों पर केस दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही थाना गेट हकीमा की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि 24 अक्टूबर की रात इस घटना की सूचना मिली थी। मृतक के पिता सुनील कुमार सभरवाल के बयान पर पुलिस ने अभि शाह, सनी शाह और दिती शाह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने जिस पिस्तौल से फायरिंग की, उससे 5 से 6 राउंड चलाए गए।

आरोपियों की तलाश में छापेमारी

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

परिवार ने की फांसी की मांग

पीड़ित परिवार ने इंसाफ की गुहार लगाते हुए आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है। परिवार का कहना है कि मामूली सी बात पर उनके जवान बेटे की जान ले ली गई, इसलिए आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article