शहर

Weather Alert: लौटेगा स्वेटर वाला मौसम? 7-8 अप्रैल को भारी बारिश और ओले गिरने का अलर्ट, 15 डिग्री तक गिरेगा पारा

Weather Alert: मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण 7-8 अप्रैल को भारी बारिश और ओले गिरने की संभावना है। जिससे दिल्ली, पंजाब और यूपी में तापमान सामान्य से काफी नीचे गिर जाएगा।

Image

उत्तर भारत पर 'वेस्टर्न डिस्टरबेंस' का साया (चित्र साभार: PTI)

Photo : PTI

Weather Alert: उत्तर भारत में गर्मी की दस्तक के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मार्च के दूसरे सप्ताह से शुरू हुआ मौसम का उतार-चढ़ाव अप्रैल के पहले हफ्ते में भी जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, एक के बाद एक आ रहे दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को पूरी तरह बदलने वाले हैं। इसका सबसे ज्यादा असर 7 और 8 अप्रैल को देखने को मिलेगा, जिससे चिलचिलाती धूप की जगह एक बार फिर हल्की ठंडक का अहसास हो सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ का डबल अटैक

मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह दो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेंगे। इनकी सक्रियता 7 और 8 अप्रैल को अपने चरम पर होगी। इसके असर से दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में इस दौरान बर्फबारी और ओले गिरने (Hailstorm) का भी अनुमान है।

IMD Weather Alert

मौसम विभाग ने बारिश को लेकर चेताया (चित्र: IMD)

तापमान में भारी गिरावट: क्या लौटेंगे स्वेटर?

सबसे चौंकाने वाली बात तापमान में आने वाली भारी गिरावट है। मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया का मानना है कि 7 और 8 अप्रैल को अधिकतम तापमान सामान्य से 8 से 15 डिग्री सेल्सियस नीचे जा सकता है। पंजाब और चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 18 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में पारा 21 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच सिमट सकता है। दिन के समय तापमान में इतनी बड़ी गिरावट मार्च-अप्रैल के महीने में काफी दुर्लभ मानी जाती है, जिससे कुछ समय के लिए फिर से 'स्वेटर वाले मौसम' जैसा अहसास हो सकता है।

ओले गिरने और आंधी का अलर्ट

7 और 8 अप्रैल को केवल बारिश ही नहीं, बल्कि कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओले गिर सकते हैं। वहीं, राजस्थान में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 'थंडरस्क्वाल' (तीव्र आंधी) आने की आशंका है। कश्मीर घाटी में 7 अप्रैल को और हिमाचल प्रदेश में 8 अप्रैल को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

10 अप्रैल से फिर लौटेगी भीषण गर्मी

राहत की यह खबर ज्यादा लंबे समय तक नहीं टिकेगी। मौसम विभाग का कहना है कि 9 अप्रैल तक मौसम का यह मिला-जुला रूप बना रहेगा, लेकिन 10 अप्रैल से गर्मी एक बार फिर अपने तेवर दिखाएगी। आसमान साफ होते ही तापमान तेजी से बढ़ेगा और 10 अप्रैल के बाद पारा 36 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच सकता है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य से थोड़ा कम था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article