शहर

West Bengal: नेपाल के रास्ते भारत में घुसकर, सेना-रेलवे की कर रहा था जासूसी, फर्जी दस्तावेजों संग पकड़ा गया ISI हैंडलर

West Bengal News: पश्चिम बंगाल STF ने उत्तर 24 परगना के हाबरा से संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक वहाब आलम उर्फ राना रऊफ को गिरफ्तार किया है। कोलकाता के तपसिया से उसका सहयोगी मोहम्मद एजाज भी पकड़ा गया है। दोनों भारतीय सेना और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर की जासूसी कर रहे थे।

Image

हाबरा इलाके से आरोपी हुआ गिरफ्तार

West Bengal News: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़े जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा इलाके से आरोपी को दबोचा है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान वहाब आलम उर्फ राना रऊफ के रूप में हुई है। उससे हुई कड़ाई से पूछताछ के बाद STF ने कोलकाता के तपसिया इलाके में छापेमारी कर उसके मुख्य सहयोगी मोहम्मद एजाज को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े तार

प्रारंभिक जांच में सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि पकड़े गए दोनों आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम कर रहे थे। राना रऊफ मुख्य रूप से नेपाल की राजधानी काठमांडू में बैठकर ISI के लिए हैंडलर की भूमिका निभाता था और वहीं से अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा था। राना हाल ही में नेपाल के काकरभिट्टा सीमा के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था। जांच में सामने आया है कि वह इससे पहले भी कई बार अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर चुका है। कोलकाता के तपसिया का रहने वाला मोहम्मद एजाज, राना के प्रमुख सहयोगी के रूप में काम कर रहा था।

जालसाजी से बनवाए फर्जी भारतीय पहचान पत्र

जांच अधिकारियों को जानकारी मिली है कि भारत में अपनी पहचान छिपाने के लिए राना रऊफ कोलकाता के तपसिया इलाके में रहता था और आम लोगों की नजरों से बचने के लिए छोटे-मोटे काम करता था। सहयोगी मोहम्मद एजाज की मदद से उसने 'वहाब' नाम से आधार कार्ड समेत कई फर्जी पहचान पत्र भी तैयार करवा लिए थे, ताकि भारतीय एजेंसियों को उस पर शक न हो।

जांच एजेंसियों का मानना है कि उसका मुख्य उद्देश्य भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों, उनकी आवाजाही, विशेष रूप से सैन्य ट्रेनों की गतिविधियों और रेलवे से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं जुटाकर पाकिस्तान तक पहुंचाना था। फिलहाल STF और केंद्रीय जांच एजेंसियां दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही हैं। पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या इन दोनों के निशाने पर कोई बड़ा आतंकी हमले की साजिश भी शामिल थी।

Pooja Mehta
पूजा मेहताauthor

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावरण और अपराध पर व्यापक रिपोर्टिंग की है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर गहरा फोकस रखते हुए। संघर्षग्रस्त इलाकों से उनकी ज़मीनी रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों की गहन समझ उन्हें पैनी दृष्टि और विश्वसनीय विश्लेषण के लिए अलग पहचान दिलाती है। वह प्रमाणित Defence Correspondent हैं और अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित International Visitor Leadership Program (IVLP) की एलुमनी भी हैं, जिससे विदेशी नीति, सुरक्षा और सामरिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता और मजबूत हुई है।

और पढ़ें
End of Article