शहर

कल जहां बाजार लगा था आज सुबह वो जगह डम्पिंग यार्ड जैसी क्यों, जिम्मेदार कौन?

आपके यहां बुध बाजार लगता हो या शनि बाजार या मंगल बाजार। साप्ताहिक बाजारों के खत्म होने के बाद सड़कों पर फैली गंदगी सब जगह एक जैसी ही होती है। वहां फैली गंदगी स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।

Image

साप्ताहिक बाजार लगने के बाद अगली सुबह कूड़े का अंबार

शनिवार का दिन। शाम का समय। घर के सामने ही बाजार सजा है। एक तरफ सब्जी वाले आवाज दे कर लोगों को बुला रहे हैं... प्यार 50 रुपये का ढाई किलो, आलू 50 की तीन किलो, आम 100 रुपये किलो। दूसरी तरफ कॉस्मैटिक्स वाला 20 रुपये का हर सामान बताकर लोगों को अपनी तरफ आकर्षित कर रहा है। 150 रुपये में लेडीज सूट, 100 रुपये की टीशर्ट और कहीं पर कप-प्लेट और अन्य बर्तन बेचने वाला। आपके इलाके में भी साप्ताहिक बाजार का यही मंजर होता होगा। फिर चाहे वह सोमवार को लगे या बुधवार, गुरुवार या शनिवार। हमारे यहां शनिवार को लगता है, इसलिए वहां का जिक्र कर रहा हूं।

बाजार में सजी हर दुकान पर बैटरी से जलता बल्ब ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। रात के अंधेरे में दुकानों की दुधिया रोशनी में आंखें चौंधिया जाती हैं। फिर सामान भी आंखें चौंधियाने वाला ही होता है। आप और हम अपनी जरूरत का सामान लेते हैं और घर चले जाते हैं। देर रात तक सामान बेचने वाले भी दुकान समेटकर अपने-अपने घरों की ओर लौट जाते हैं। क्या कभी आप दूसरे दिन सुबह उसी जगह गए हैं, जहां कल रात आपने आंखें चौंधिया देने वाली रोशनी में शॉपिंग की थी। नजारा देखकर आप घिना जाएंगे। जी हां यहां दी गई तस्वीरें सच्चाई हैं उस साप्ताहिक बाजार के अगले दिन की सुबह की।

Weekly Haat

साप्ताहिक बाजार के बाद सड़क पर बिखरा कूड़ा

खाली हो चुके सब्जियों के बोरे जहां-तहां बिखरे रहते हैं। प्याज और अन्य सब्जियों के छिलके पूरी सड़क को घेरे रखते हैं। वो कपड़े जो आपने कल रात खरीदे थे और अब आपके वार्डरॉब की शान बढ़ा रहे हैं, उनकी रैपिंग पॉलिथिन सड़क पर हवा के साथ, यहां-वहां उड़ रही हैं।

जगह-जगह अखबार के पन्ने बिखरे हैं। कुल मिलाकर जो जगह कल रात चमक बिखेर रही थी, वह सुबह होते-होते किसी बड़े डम्पिंग यार्ड जैसी प्रतीत होती है। कहीं सड़ी-गली सब्जियां बिखरी हैं, जिनकी तरफ गौमाता और कुत्ते दौड़े चले आए हैं। सड़-गली सब्जियों के साथ पॉलिथिन भी गाय की पेट में जा रही हैं। सबसे दयनीय स्थिति तो उन घरों की है, जिनके आगे रात की वह मार्केट सजी थी। रात के अंधेरे में ऊपर से देखने पर बल्बों की टिमटिमाहट भले अच्छी लग रही हो, लेकिन सुबह के उजाले में यह हकीकत मुंह चिढ़ा रही है। घर के आगे कूड़े का ढेर गुड मॉर्निंग को गुड जैसा फील करने नहीं दे रहा।

Weekly Market Cow

साप्ताहिक बाजार के कूड़े में खाना ढूंढती गाय

निगम हो या अथॉरिटी, आपके क्षेत्र में साफ-सफाई की जिसकी भी जिम्मेदारी है... उन्हें शायद यह गंदगी दिखाई नहीं देती। आप साप्ताहिक बाजार लगाने की अनुमति तो दे देते हैं, लेकिन सुबह-सुबह या जिस दिन बाजार लगता है, उसी देर रात सफाई भी आपकी जिम्मेदारी है। ताकि सुबह भी घर के सामने की सड़क देखने में अच्छी लगे, न कि किसी डम्पिंग यार्ड जैसी। निश्चित तौर पर इस सबके लिए अथॉरिटी या निगम ही जिम्मेदार है। साथ ही हम सब भी जिम्मेदार हैं, जो गंदगी फैलाने के बावजूद ऐसे बाजारों का विरोध नहीं करते, उन्हें बंद कराने के लिए सड़क पर नहीं उतरते।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article