Visakhapatnam Steel Plant Accident: आंध्र प्रदेश में स्थित विशाखापत्तनम स्टील प्लांट के SMS-2 और STC-3 हीटिंग यूनिट में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां गर्म पिघले हुए स्टील की भारी मात्रा के रिसाव से आठ श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, अत्यधिक उच्च तापमान पर पिघला हुआ स्टील ले जा रहे एक लैडल में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।

विशाखापत्तनम स्टील प्लांट हादसे में 8 की मौत
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
वहीं इस दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार उनके साथ है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जाती है और स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
आखिर कितना गर्म था पिघला हुआ लोहा?
एक अधिकारी ने कहा, "आठ श्रमिकों की मौत हो गई और छह अन्य झुलस गए। इनमें से कुछ गंभीर रूप से झुलस गए हैं।" उन्होंने कहा कि बचाव अभियान जारी है। पुलिस के मुताबिक, बाल्टी में रखे पिघले लोहे को क्रेन से ले जाया जा रहा था, तभी यह श्रमिकों के ऊपर गिर गया। पुलिस ने बताया कि पिघला हुआ लोहा बेहद गर्म था और उसका तापमान लगभग 1,600 डिग्री सेल्सियस था।
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जताया घटना पर दुख
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख जताते हुए सभी विभागों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया है। उन्होंने ने चीफ सेक्रेटरी साई प्रसाद, राज्य सरकार के अधिकारियों और विशाखापत्तनम डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर के साथ मिलकर हादसे का रिव्यू किया। विशाखापत्तनम स्टील प्लांट के सर्कल इंस्पेक्टर केशव राव ने जानकारी देते हुए बताया कि, "स्टील प्लांट के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।"
राहत और बचाव कार्यों में तेजी के निर्देश
हादसे के बाद राज्य की गृह मंत्री वंगलापुड़ी अनिता ने स्थिति का संज्ञान लिया। उन्होंने फोन पर विशाखापत्तनम के जिला कलेक्टर और शहर के पुलिस आयुक्त से बात कर दुर्घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। गृह मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए। सूत्रों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही गृह मंत्री तुरंत हादसे स्थल के लिए रवाना हो गईं और लगातार अधिकारियों से फोन पर संपर्क में रहकर आवश्यक निर्देश जारी कर रही हैं। यह जानकारी गृह मंत्री के पीआरओ द्वारा दी गई।
