शहर

मुंबई लोकल हत्याकांड : बैग में चाकू लेकर चलता था रोशन सुवर्णा, पांच महीने से कर रहा था खौफनाक प्लान?

पूछताछ में आरोपी ने मुंबई पुलिस को बताया कि वह पिछले चार-पांच महीनों से अपने बैग में चाकू लेकर चल रहा था। उसका दावा है कि करीब सात महीने पहले उसने एक दोस्त के जरिए अमेजन के एक वेयरहाउस से यह चाकू लिया था

Image

, मुंबई लोकल ट्रेन हत्याकांड में पुलिस ने बरामद किया हत्या में इस्तेमाल चाकू (फोटो-ट्विटर)

मुंबई : मुंबई लोकल ट्रेन में हुए चर्चित हत्याकांड की जांच में वायरल वीडियो अहम सुराग साबित हुआ है। इसी वीडियो की बदौलत सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने हत्या में कथित रूप से इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया। इस बीच अदालत ने आरोपी रोशन सुवर्णा की पुलिस हिरासत 6 जुलाई तक बढ़ा दी है।

पुलिस के अनुसार, पिछले सप्ताह अंधेरी और बोरीवली रेलवे स्टेशनों के बीच फर्स्ट क्लास डिब्बे में 22 वर्षीय मयंक लोहार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि ट्रेन का दरवाजा बंद रखने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी रोशन सुवर्णा ने वारदात को अंजाम दिया था।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले चार-पांच महीनों से अपने बैग में चाकू लेकर चल रहा था। उसका दावा है कि करीब सात महीने पहले उसने एक दोस्त के जरिए अमेजन के एक वेयरहाउस से यह चाकू लिया था। घटना के बाद उसने बोरीवली स्टेशन पर उतरकर चाकू फेंक दिया था। हालांकि, पुलिस को शुरुआती तलाशी के दौरान हथियार नहीं मिला।

मामले में उस समय बड़ा मोड़ आया, जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो देखने के बाद बोरीवली स्थित एक रेस्टोरेंट के मैनेजर ने पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि उनके एक कर्मचारी को स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 के पास एक गली में खरीदारी के दौरान चाकू मिला था। कर्मचारी ने उसे सामान्य वस्तु समझकर रेस्टोरेंट के स्टाफ रूम में एक गत्ते के डिब्बे में रख दिया था।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चाकू बरामद किया। जांच एजेंसियों का कहना है कि यही चाकू हत्या में इस्तेमाल किया गया था।

मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने आगे की जांच के लिए सात दिन की अतिरिक्त हिरासत मांगी। पुलिस ने अदालत को बताया कि यह पता लगाना जरूरी है कि आरोपी कई महीनों से चाकू क्यों लेकर घूम रहा था और क्या उसने इसका इस्तेमाल पहले किसी अन्य अपराध में भी किया था। साथ ही हत्या के पीछे की वास्तविक मंशा की भी जांच की जा रही है।

हालांकि, आरोपी की ओर से पेश अधिवक्ता जयवंत पाटिल ने पुलिस की मांग का विरोध करते हुए कहा कि जांच एजेंसी पहले भी इन्हीं आधारों पर हिरासत मांग चुकी है और उसे पर्याप्त समय मिल चुका है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी रोशन सुवर्णा की पुलिस हिरासत 6 जुलाई तक बढ़ा दी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article